विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लुधियाना में लग्जरी कार शोरूम पर दिनदहाड़े फायरिंग, बाइक सवार बदमाशों ने गैंगस्टरों के नाम की पर्चियां फेंकी

Published: Sat, 10 Jan 2026 12:24 PM (IST)

लुधियाना के मुल्लांपुर स्थित रॉयल लीमोज लग्जरी कार शोरूम पर दिनदहाड़े फायरिंग हुई। बाइक सवार दो बदमाशों ने गोलियां चलाईं, ...और पढ़ें

पुलिस ने मौके से कई खोल बरामद किए।

पुलिस ने मौके से कई खोल बरामद किए।

जागरण संवाददाता, लुधियाना। पंजाब के लुधियाना जिले में शनिवार सुबह मुल्लापुर के नजदीक बद्दोवाल इलाके में स्थित लग्जरी कारों के शोरूम पर दिनदहाड़े अंधाधुंध फायरिंग की वारदात सामने आई। बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाश रॉयल लीमोज नामक शोरूम के बाहर पहुंचे और ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। फायरिंग के दौरान कई राउंड गोलियां चलीं, जिनमें से कुछ शोरूम के बाहर खड़ी कारों के फ्रंट शीशों पर लगीं।

इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन कारों को नुकसान पहुंचा है। वारदात के तुरंत बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए। जाते समय वे सफेद पर्चियां फेंक गए, जिन पर गैंगस्टर पवन शौकीन और मोहब्बत रंधावा के नाम लिखे थे। पुलिस फिलहाल यह जांच कर रही है कि ये नाम वास्तविक धमकी का हिस्सा हैं या फिर दहशत फैलाने के उद्देश्य से लिखे गए।

यह भी पढ़ें- "सदन के वीडियो पर FIR दुर्भाग्यपूर्ण" पंजाब पुलिस के दखल पर भड़के विजेंद्र गुप्ता, आतिशी पर भी उठाए सवाल

6

गैंगस्टरों के नाम की पर्चियां।

सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही मुल्लांपुर और दाखा पुलिस टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस अधिकारियों ने शोरूम मालिकों से जानकारी जुटाई और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को कब्जे में लिया। अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक जांच में यह मामला रंगदारी का प्रतीत हो रहा है।

रॉयल लीमोज शोरूम रेंज रोवर और मर्सिडीज जैसी लग्जरी कारों की बिक्री के लिए जाना जाता है। इन गाड़ियों की कीमतें मॉडल और फीचर्स के आधार पर करीब 80 लाख रुपये से लेकर 4 करोड़ रुपये तक होती हैं।

यह भी पढ़ें- अमृतसर: रंगदारी न देने पर ब्यूटी पार्लर चलाने वाली महिला को मारी गोली, पिस्तौल लहराते हुए फरार हुए बदमाश

धमकाने की नीयत से की फायरिग

पुलिस का मानना है कि शोरूम की हाई-वैल्यू प्रकृति को देखते हुए बदमाशों ने धमकाने की नीयत से फायरिंग की होगी। लुधियाना–फिरोजपुर मेन रोड पर आईटीबीपी कैंप के ठीक सामने हुई इस घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी है। पुलिस ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज से हमलावरों की पहचान में मदद मिलेगी। साथ ही, पर्चियों में लिखे नामों की सत्यता को भी गंभीरता से जांचा जाएगा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और बदमाशों की तलाश जारी है।

यह भी पढ़ें- पंजाब के होशियारपुर में बस और कार की भीषण टक्कर, हादसे में चार लोगों की मौत



देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।