Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    लुधियाना कोर्ट में वकील की दबंगई, महिला को जमीन पर गिराकर पीटा; मुंह से निकला खून, अस्पताल में हुई भर्ती

    Updated: Sat, 26 Apr 2025 06:25 PM (IST)

    लुधियाना कोर्ट परिसर में एक पुरुष वकील ने महिला वकील पर क्लाइंट्स को लेकर हमला किया। बहस के बाद पुरुष वकील ने महिला को जमीन पर गिराकर लातों से पेट में मारा जिससे वह घायल हो गईं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बार एसोसिएशन भी मामले की आंतरिक जांच कर रही है। अस्पताल में महिला का इलाज चल रहा है।

    Hero Image
    महिला वकील को जमीन पर गिराकर पीटा, आप विधायक ने अस्पताल में की मुलाकात। फोटो जागरण

    जागरण संवाददाता, लुधियाना। जिला कोर्ट परिसर में कार्यरत एक वकील ने कोर्ट परिसर के अंदर महिला वकील पर कथित रूप से बेरहमी से हमला किया। घटना का एक छोटा सा वीडियो सामने आया है, जिसमें महिला वकील पर पुरुष वकील द्वारा हमला किए जाने के बाद वह जमीन पर गिरती हुई दिखाई दे रही है और वकील उसके चेहरे पर जूते से वार कर रहा है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इस मामले में पीड़ित महिला वकील ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद शुक्रवार को डिविजन नंबर 5 पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी थी। जानकारी के मुताबिक दोनों एडवोकेट की सिटिंग एक-दूसरे के आसपास है। उन दोनों में अक्सर क्लाइंट्स को लेकर विवाद चलता रहता था।

    विवाद के बाद चले लात-घूंसे

    पहले भी एक-दूसरे से बहस कर चुके हैं। लेकिन वीरवार को मामला कुछ ज्यादा बढ़ गया। दोनों में बहस होने के बाद पुरुष वकील ने महिला वकील को पीटना शुरू कर दिया। पीटते-पीटते महिला जमीन पर गिर गई। लेकिन पुरुष वकील रूका नहीं, उसने नीचे गिरने पर लातों से महिला वकील के पेट में वार किए और फिर उसके चेहरे पर अपने जूते से मारा।

    इस दौरान कुछ लोग उसे बचाने के लिए आए तो वकील ने उनके साथ भी हाथापाई की। यह वीडियो में नजर आ रहा है। इसके बाद पीड़ित महिला के मुंह से खून आने लगा और वो जोर-जोर से खुद को बचाने के लिए चिल्लाती और रोती नजर आई। इस घटना को अंजाम देने के बाद वकील वहां से चला गया।

    दोनों में पहले भी हो चुकी है कई बार बहस: एसएचओ

    उधर, डिवीजन नंबर 5 थाने के एसएचओ इंस्पेक्टर बिक्रमजीत सिंह ने बताया कि पुलिस जांच में पता चला है कि महिला और पुरुष वकील हैं। वो कोर्ट परिसर में एक-दूसरे के बगल में बैठते हैं। महिला ने आरोप लगाया है कि उनके पास ज्यादा क्लाइंट होने को लेकर उनमें प्रतिद्वंद्विता है।

    आरोप है कि इससे पहले भी दोनों के बीच कई बार कहासुनी हो चुकी है, लेकिन मामला कभी इस स्तर तक नहीं बढ़ा। वीरवार को उनमें बहस शुरू हो गई और बाद में बहस हिंसक झड़प में बदल गई। इंस्पेक्टर ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस वकील के खिलाफ मामला दर्ज कर रही है।

    इंटरनल मामले की जांच करवा रहे हैं: सग्गड़

    इस संबंध में डिस्ट्रिक बार एसोसिएशन के प्रधान विपन सग्गड़ ने कहा कि मारपीट का वीडियो हमारे संज्ञान में आया है। इस मामले में पुलिस अपने तौर पर जांच कर रही है। लेकिन इंटरनल मामला होने के चलते हम भी इसकी सच्चाई तक जाएंगे कि हुआ क्या था?

    मंत्री ने महिला वकील से की मुलाकात, कार्रवाई का भरोसा

    खन्ना विधानसभा क्षेत्र से विधायक एवं पंजाब के कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंध को पता चला तो वे तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचे और महिला वकील से घटना के बारे में जानकारी लेते हुए इंसाफ का भरोसा दिलाया।

    मंत्री ने कहा कि यह बहुत निंदनीय है कि एक युवती के साथ इस प्रकार गलत व्यवहार किया गया। जिन लोगों ने भी इस घटना को अंजाम दिया है वो बख्शे नहीं जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।