करनाल के बाद अब पंजाब के लुधियाना में कश्मीर जा रही बस पर पथराव, शीशा टूटा; सुरक्षित निकाले गए यात्री
हरियाणा के करनाल में हुई घटना के 24 घंटे भीतर पंजाब के लुधियाना जिले में श्रीनगर जा रही बस पर ...और पढ़ें
HighLights
लुधियाना में श्रीनगर जा रही बस पर पथराव हुआ।
करनाल घटना के 24 घंटे बाद दूसरी बस पर हमला।
शीशा टूटा, लेकिन सभी 35 यात्री सुरक्षित रहे।
जागरण संवाददाता, खन्ना (लुधियाना)। हरियाणा के करनाल जिले में कश्मीर जा रही बस पर हुए हमले के 24 घंटे के भीतर ठीक वैसा ही मामला पंजाब से सामने आया है। ये घटना लुधियाना जिले के दोराहा कस्बे के पास हुई है। मिली जानकारी के अनुसार रविवार देर रात करीब 11.5 बजे उसी प्राइवेट ट्रांसपोर्ट कंपनी की दूसरी बस पर अज्ञात तत्वों द्वारा पथराव किया गया।
एसपी इन्वेस्टिगेशन राकेश कुमार यादव ने बताया कि दिल्ली से श्रीनगर जा रही बस जैसे ही दोराहा के पास पहुंची, अचानक उस पर पत्थर फेंके गए। एक पत्थर बस की खिड़की के शीशे पर लगा, जिससे शीशा टूट गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में बस में सवार लगभग 35 यात्रियों में से किसी को भी कोई चोट नहीं आई। बस में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी सवार थे।
यह भी पढ़ें- 'ओ आतंकवादी, गाड़ी निकाल यहां से...'; करनाल में श्रीनगर जा रही बस पर पथराव, ड्राइवर वकार ने सुनाई आपबीती
आपसी रंजिश का लग रहा मामला
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की गाड़ी तुरंत मौके पर पहुंची और सुरक्षा के घेरे में बस को अपने अधिकार क्षेत्र से सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
एसपी यादव के अनुसार एक ही ट्रांसपोर्ट की बस पर दो बार हमला हुआ। ये वही ट्रांसपोर्ट कंपनी की बस है जिस पर हरियाणा में हमला हुआ था, इसलिए पुलिस दोनों मामलों के तार जुड़ जांच कर रही है। हरियाणा पुलिस से भी संपर्क साधा गया है। एक ही ट्रांसपोर्ट पर हमला होने के कारण ये मामला आपसी रंजिश का भी लग रहा है।
यह भी पढ़ें- 'पार्किंग को लेकर हुआ था विवाद...', श्रीनगर जा रही बस पर पथराव मामले में DSP का बयान आया सामने; 2 आरोपी गिरफ्तार
24 घंटे पहले हरियाणा में हुई थी घटना
इससे पहले शनिवार को हरियाणा के करनाल में भी श्रीनगर जा रही इसी बस पर पथराव किया गया था, जिसमें चार यात्री घायल हो गए थे। उस मामले में हमलावरों ने चालक के साथ बदसलूकी भी की थी। इस मामले में हरियाणा पुलिस दो आरोपियों को अरेस्ट कर चुकी है।
लगातार दूसरे दिन हुई इस तरह की घटना के बाद छात्र संगठनों और जन प्रतिनिधियों ने गहरी चिंता जताई है। सोशल मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री और डीजीपी से मामले का तुरंत संज्ञान लेने, निष्पक्ष जांच करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। मांग की जा रही है कि रास्ते से गुजरने वाले यात्रियों और वाहनों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
