'ओ आतंकवादी, गाड़ी निकाल यहां से...'; करनाल में श्रीनगर जा रही बस पर पथराव, ड्राइवर वकार ने सुनाई आपबीती
हरियाणा के करनाल में श्रीनगर जा रही एक बस पर पत्थरबाजी हुई, जिसमें एक बुजुर्ग यात्री घायल हो गया। पुलिस ...और पढ़ें
HighLights
करनाल में श्रीनगर जा रही बस पर हुई पत्थरबाजी।
पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, पार्किंग विवाद बताया।
ड्राइवर ने जम्मू-कश्मीर नंबर प्लेट पर धमकी का आरोप लगाया।
डिजिटल डेस्क, जम्मू। हरियाणा के करनाल में श्रीनगर आ रही बस पर शनिवार रात कुछ लोगों ने पत्थरबाजी की। इस हमले में बस के शीशे टूट गए और एक बुजुर्ग यात्री को चोट भी आई है।
इस हमले की मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कड़े शब्दो में निंदा की। वहीं, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए बस पर पत्थर फेंकने वाले दो आरोपियों को अरेस्ट कर लिया गया है। सीएम ने एक्स प्लटफार्म पर आरोपियों की तस्वीरें भी शेयर की हैं। वारदात के समय क्या हुआ था। इसे लेकर ड्राइवर वकार ने अपना पक्ष रखा है।
हर नागरिक और प्रदेश में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। श्री @OmarAbdullah जी, इस मामले में हरियाणा पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की गई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह झगड़ा दो वाहन चालकों के बीच महज पार्किंग विवाद को लेकर हुआ था। मामले में FIR दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
— Nayab Saini (@NayabSainiBJP) October 18, 2026
क्या बोले ड्राइवर वकार?
ड्राइवर वकार ने कहा कि मैं दिल्ली से श्रीनगर जा रहा था। हरियाणा में करनाल के आगे नीलोखेड़ी में हम रात के खाने के लिए 'डिवाइन स्टार होटल' पर रुके। पार्किंग एरिया में कुछ लोग बैठे थे। वहां पहले से ही हरियाणा नंबर प्लेट वाली एक बलेनो कार खड़ी थी। मैंने अपनी बस पार्क की, उसके करीब एक मिनट बाद ही पास से किसी ने चिल्लाकर कहा, 'आतंकवादी, अपनी गाड़ी यहां से हटा!'
उसने बस हटाने के लिए कहा। मैंने पूछा, 'क्या बात है?' उसने कहा, 'गाड़ी हटा। जल्दी यहां से निकल! तू यहां गाड़ी पार्क नहीं कर सकता... हम ऐसा नहीं होने देंगे। जम्मू-कश्मीर की गाड़ी यहां खड़ी नहीं हो सकती। फिर उसने बस के सामने वाले शीशे पर वार किया और मुझे पीटने लगा।
तुम्हें जान से मार देंगे: ड्राइवर वकार
वकार ने बताया कि उन्होंने पहले बस की आगे की नंबर प्लेट तोड़ी, फिर पीछे की नंबर प्लेट भी तोड़ दी। इस दौरान कुछ और लोग भी उनके साथ आ गए। वे बार-बार कह रहे थे कि जे एंड के (जम्मू-कश्मीर) की गाड़ी हरियाणा में नहीं होनी चाहिए। वे हमें लगातार धमकियां दे रहे थे... 'हम तुम्हें गोली मार देंगे, गाड़ी में आग लगा देंगे, तुम्हें जान से मार देंगे।'
वकार ने वारदात को लेकर कहा कि हमें न्याय चाहिए... इस तरह की गुंडागर्दी बंद होनी चाहिए। हम सभी को सड़कों का इस्तेमाल करना पड़ता है, उनकी तरफ की गाड़ियां भी हमारे इलाके में आती हैं और इस तरह का बर्ताव दोनों पक्षों के लिए एक खराब माहौल बनाता है।
होटल पर रुकी बस पर हुई पत्थरबाजी
बता दें कि शनिवार को जीटी रोड पर रात करीब 10 बजे करनाल के नीलोखेड़ी के पास एक होटल में बस पर पत्थरबाजी हुई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। पुलिस ने आरोपियों की कार को बरामद कर लिया है और उन्हें अरेस्ट भी कर लिया है। दोनों आरोपियों को आज अदालत में पेश किया जाएगा।
