हरियाणा में व्यापारियों-उद्योगपतियों की हर समस्या का होगा समाधान, CM नायब सैनी ने दिया भरोसा; रोजगार पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जालंधर में व्यापारियों और उद्योगपतियों को उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया, हरियाणा में निवेश और रोजगार सृजन पर जोर दिया।
-1792360683195_m.webp)
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी। फाइल फोटो
HighLights
व्यापारियों और उद्योगपतियों की हर समस्या का होगा समाधान।
निवेश, उद्योग विस्तार, एमएसएमई प्रोत्साहन और रोजगार सृजन पर जोर।
भयमुक्त, नशामुक्त समाज निर्माण में सहयोग मांगा, युवाओं को बचाने पर बल।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। व्यापारियों और उद्योगपतियों की हर समस्या का समाधान किया जाएगा। हरियाणा में निवेश, उद्योगों के विस्तार, एमएसएमई को प्रोत्साहन और रोजगार सृजन पर सरकार का विशेष फोकस है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को जालंधर में जिला व्यापार मंडल एवं जालंधर चैंबर आफ इंडस्ट्रीज एंड कामर्स द्वारा आयोजित कार्यक्रम में व्यापार एवं औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों से संवाद में यह बात कही। उन्होंने आश्वस्त किया कि व्यापारियों और उद्योगपतियों के हितों का ध्यान रखना तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक प्रयास करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापार और उद्योग किसी भी प्रदेश की आर्थिक प्रगति के महत्वपूर्ण आधार हैं। उद्योगों के विस्तार से निवेश को बढ़ावा मिलता है, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होते हैं और अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है। सरकार का प्रयास है कि उद्यमियों को अनुकूल वातावरण मिले और वे नए निवेश तथा कारोबार के विस्तार के लिए प्रोत्साहित हों।
हाल ही में उन्होंने सिंगापुर और स्वीडन का दौरा कर विदेशी निवेश सहित अन्य औद्योगिक प्रोत्साहनों पर विमर्श किया और अनेक समझौता हस्ताक्षर किए हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार ने उद्योगों, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) तथा निर्यात को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न नीतिगत पहल की हैं। हरियाणा की औद्योगिक नीति-2026 और एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन से जुड़ी पहलों का उद्देश्य निवेश आकर्षित करना, उद्यमियों को प्रोत्साहन देना और रोजगार के अवसर बढ़ाना है।
भयमुक्त, नशामुक्त और खुशहाल समाज निर्माण में मांगा सहयोग
जालंधर में भगवान वाल्मीकि प्रकट उत्सव पर आयोजित तीर्थ यात्रा को संबोधित करते हुए नायब सैनी ने आमजन से भयमुक्त, नशामुक्त और खुशहाल समाज निर्माण में सहयोग मांगा। उन्होंने कहा कि सत्ता और शासन का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सेवा करना है।
भगवान वाल्मीकि ने हमें सिखाया था कि समाज में शांति और प्रगति तभी संभव है जब समाज का हर वर्ग एकजुट हो और एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बने। पंजाब को आज फिर से उसी नैतिक और सामाजिक पुनर्जागरण की आवश्यकता है।
पंजाब के युवाओं को नशे से बचाकर, उन्हें अच्छी शिक्षा, कौशल और रोजगार से जोड़ना ही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धा होगी।
