'ऐसे लोग मुल्क में तूफान लाना चाहते हैं...'; हरियाणा में कश्मीर जाने वाली बस पर पथराव से भड़के फारूक अब्दुल्ला
हरियाणा के करनाल में दिल्ली से श्रीनगर जा रही एक यात्री बस पर पत्थरबाजी हुई, जिसमें एक बुजुर्ग घायल हो गया।

जम्मू-कश्मीर पूर्व सीएम फारूक अब्दुल्ला (जागरण फाइल)
HighLights
हरियाणा में दिल्ली-श्रीनगर बस पर हुई पत्थरबाजी
पार्किंग विवाद में दो युवकों ने किया हमला, बुजुर्ग घायल
फारूक अब्दुल्ला ने कार्रवाई और मुआवजे की मांग की
डिजिटल डेस्क, जम्मू। हरियाणा के करनाल में दिल्ली से श्रीनगर जा रही यात्री बस पर दो युवकों ने पत्थरबाजी की। इसमें एक बुजुर्ग को चोट आई है। आरोप है कि ढाबे पर बस खड़ी करने के विवाद में कार सवार युवकों का बस ड्राइवर से झगड़ा हो गया था। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने वीडियो इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट कर दिया।
इसके बाद विवाद तूल पकड़ गया और हरियाणा पुलिस ने कार सवार दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले पर सोमवार को जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने प्रतिक्रिया दी।
मीडियाकर्मियों से बात करते हुए नेशनल कॉन्फ्रेंस चीफ ने कहा...
हरियाणा में बस पर जो अटैक किया गया है। इसके बारे में जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने हरियाणा के मुख्यमंत्री को तुरंत कार्रवाई करने को कहा है। ऐसे लोग मुल्क में तूफान उठाना चाहते हैं। इसको तुरंत बंद करना चाहिए और जो नुकसान हुआ है उसकी भरपाई करनी चाहिए। उमर साहब ने मांग की है कि इन लोगों को तुरंत रोका जाए और हुए नुकसान के लिए मुआवजा दिया जाए।। -फारूक अब्दुल्ला, पूर्व मुख्यमंत्री
क्या था मामला?
जानकारी के अनुसार, बस दिल्ली से श्रीनगर जा रही थी। शनिवार रात करीब 10 बजे नीलोखेड़ी के पास डिवाइन स्टार ढाबे के समीप बस रुकी तो वहां पर कार सवार दो युवकों ने पार्किंग को लेकर झगड़ा किया। कार में मोहित तथा उसका साथी सावन सवार था।
विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में मोहित ने ईंट उठाकर बस पर फेंक दी जिससे बस का शीशा टूट गया और एक यात्री शफीक घायल हो गया। बुटाना थाना प्रभारी विपिन का कहना है कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया था और बस वहां से चली गई थी।
उस दौरान किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत नहीं दी गई थी लेकिन होटल मालिक की शिकायत पर मामला दर्ज कर दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया है। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद जम्मू-कश्मीर में सियासत शुरू हो गई। यह बस दिल्ली से श्रीनगर के बीच चलने वाली स्टार वर्ल्ड वेंचर्स की बताई जा रही है।
