विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लद्दाख पंचायत चुनाव: 21 अक्टूबर को निकलेगी महिला आरक्षण के लिए लॉटरी, तय होंगी पंच-सरपंच की सीटें

By Naveen NawazEdited By: Dallu Slathia
Published: Mon, 19 Oct 2026 02:41 PM (IST)

लद्दाख में पंचायती राज चुनाव की तैयारियों के तहत 21 अक्टूबर को महिला आरक्षण के लिए लॉटरी निकाली जाएगी। यह ...और पढ़ें

लद्दाख में 21 अक्टूबर को खुलेगा महिला आरक्षण वाली सीटों का गणित। (फाइल फोटो)

लद्दाख में 21 अक्टूबर को खुलेगा महिला आरक्षण वाली सीटों का गणित। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. लद्दाख में 21 अक्टूबर को महिला आरक्षण लॉटरी।

  2. पंच-सरपंच की आरक्षित सीटों का होगा निर्धारण।

  3. प्रक्रिया ग्रामीण विकास विभाग द्वारा निष्पक्षता से संपन्न।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। लद्दाख में पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच पंच और सरपंच की सीटों पर महिला आरक्षण तय करने के लिए 21 अक्टूबर को लाटरी निकाली जाएगी। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, यह प्रक्रिया दोपहर 2 बजे विभिन्न जिलों और उपमंडलों में निर्धारित स्थानों पर होगी।

विभाग की ओर से 18 अक्टूबर को जारी नोटिस के मुताबिक, लॉटरी पंचायती राज अधिनियम, 1989 की धारा 4(3) और 17 अक्टूबर 2026 को जारी सरकारी आदेश संख्या एसओ-287 के तहत निकाली जाएगी। संबंधित जिलों के उपायुक्त इस प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।

लाटरी के जरिए यह तय किया जाएगा कि किन पंचायत क्षेत्रों में पंच और सरपंच की सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। विभाग ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों, ग्राम सभा सदस्यों, गैर-राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों और अन्य इच्छुक लोगों को इस प्रक्रिया में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।

पंचायत मुख्यालयों में ऑनलाइन देख सकेंगे कार्यवाही

विभाग ने स्पष्ट किया है कि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाएगी। कार्यवाही की रिकार्डिंग की जाएगी और इसे आधिकारिक माध्यमों से उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा, जरूरत के अनुसार संबंधित जिलों के पंचायत मुख्यालयों में ऑनलाइन माध्यम से भी कार्यवाही देखने की व्यवस्था की जाएगी।

आठ स्थानों पर होगी लाटरी

विभाग ने लाटरी के लिए अलग-अलग जिलों और उपमंडलों में केंद्र निर्धारित किए हैं। कारगिल में ग्रामीण विकास विभाग परिसर स्थित रिसोर्स सेंटर, पालिटेक्निक कालेज के सामने कुंबाथांग में लाटरी निकाली जाएगी। नुब्रा में यह प्रक्रिया एसडीएम कॉन्फ्रेंस हाल में, जबकि लेह में एलएएचडीसी कान्फ्रेंस हाल में आयोजित होगी।

शाम में उपायुक्त कार्यालय और चांगथांग क्षेत्र के लिए न्योमा स्थित उपायुक्त कार्यालय को केंद्र बनाया गया है। वहीं, द्रास में टूरिस्ट डाक बंगले के कान्फ्रेंस हाल, जांस्कर में पदुम स्थित सरकारी डिग्री कालेज हाल और सांकू में थांगदुम्बर के पंचायत घर में लाटरी निकाली जाएगी।

परिसीमन प्रक्रिया के बाद स्पष्ट होंगी आरक्षित सीटें

महिला आरक्षण के लिए सीटों का निर्धारण पंचायत चुनाव की तैयारियों का अहम हिस्सा है। इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद स्पष्ट हो जाएगा कि लद्दाख के किन पंचायत क्षेत्रों में पंच और सरपंच की सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगी।