'पार्किंग को लेकर हुआ था विवाद...', श्रीनगर जा रही बस पर पथराव मामले में DSP का बयान आया सामने; 2 आरोपी गिरफ्तार
करनाल में जीटी रोड पर श्रीनगर जा रही वोल्वो बस पर पार्किंग विवाद के चलते पथराव हुआ, जिससे बस के शीशे टूटे और एक यात्री घायल हो गया।

पार्किंग को लेकर हुआ था विवाद: DSP राजीव।
HighLights
करनाल में श्रीनगर जा रही बस पर हुआ पथराव
पार्किंग विवाद के चलते बस के शीशे टूटे, यात्री घायल
उमर अब्दुल्ला ने हरियाणा सरकार से कार्रवाई की अपेक्षा जताई
जागरण संवाददाता, करनाल। जीटी रोड पर नीलोखेड़ी के समीप शनिवार रात करीब 10 बजे डिवाइन स्टार होटल के सामने श्रीनगर जा रही वोल्वो बस पर एक युवक ने पथराव कर दिया। ईंट लगने से बस के शीशे टूट गए और एक यात्री घायल हो गया।
घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी ट्विटर पर प्रतिक्रिया दी और हरियाणा सरकार से आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की अपेक्षा जताई।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, बस दिल्ली से श्रीनगर जा रही थी। शनिवार रात नीलोखेड़ी के पास डिवाइन स्टार ढाबे के समीप बस रूकी तो वहां पर कार सवार दो युवकों ने पार्किंग को लेकर झगड़ा किया। कार में मोहित तथा उसका साथी सावन सवार था। विवाद इतना बढ़ गया कि मोहित ने ईंट उठाकर बस पर फेंकी दी। जिससे बस का शीशा टूट गया और एक यात्री घायल हो गया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सिटी डीएसपी राजीव का कहना है कि पार्किंग को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था। लेकिन रात में ही दोनों पक्षों में समझौता हो गया था और बस वहां से चली गई थी।
पुलिस का कहना है कि उस दौरान किसी भी पक्ष की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई थी, लेकिन अब होटल मालिक की शिकायत पर मामला दर्ज कर दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बस के शीशे टूटने के बाद एक यात्री ने उस दौरान वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दी।
'पार्किंग को लेकर दोनों पक्षों में हुआ था विवाद', श्रीनगर जा रही बस पर पथराव मामले में सिटी डीएसपी राजीव कुमार का बयान आया सामने https://t.co/vfPa2fmXC5
— Ashish Mishra (@AshishMishra_6) October 18, 2026
CM उमर अब्दुल्ला की आई कड़ी प्रतिक्रिया
वीडियो सामने आने के बाद जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने ट्विटर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और हरियाणा पुलिस को टैग करते हुए प्रतिक्रिया दी। उन्होंने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए उम्मीद जताई कि हरियाणा सरकार और पुलिस दोषियों को पकड़ेंगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कदम उठाएंगी।
यह भी पढ़ें- श्रीनगर जा रही वोल्वो बस पर नीलोखेड़ी में पथराव: यात्री घायल, CM उमर अब्दुल्ला की हरियाणा सरकार से कार्रवाई की मांग
