लुधियाना में गुरुद्वारा भगत धन्ना जी के गेट पर फायरिंग, बदमाश ने धमकी भरी चिट्ठी फेंकी; CCTV में कैद हुई घटना
पंजाब के लुधियाना में एक गुरुद्वारा साहिब के गेट पर बदमाश ने दो राउंड फायरिंग की और धमकी भरी चिट्ठी ...और पढ़ें
HighLights
गुरुद्वारा भगत धन्ना जी के गेट पर फायरिंग।
बदमाश ने मौके पर धमकी भरा खत छोड़ा।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। पंजाब के लुधियाना जिले के जगराओं के अंतर्गत आने वाले गांव गगड़ा में उस समय सनसनी फैल गई जब एक अज्ञात बदमाश ने गुरुद्वारा साहिब भगत धन्ना जी के मुख्य गेट पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके पर एक धमकी भरी चिट्ठी फेंककर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही लुधियाना देहात पुलिस तुरंत हरकत में आ गई और मौके पर पहुंचकर गहन छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस गांव में लगे विभिन्न सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बदमाश किस रास्ते से आया था और वारदात के बाद किस तरफ भागा है।
यह भी पढ़ें- फगवाड़ा में फाइनेंसर से मांगी 10 करोड़ की रंगदारी, लॉरेंस बिश्नोई का नाम लेकर परिवार को दी जान से मारने की धमकी

आरोपियों की तरफ से फेंका गया खत।
सीसीटीवी में गोलियां चलाते दिखे हमलावर
सामने आए सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि सोमवार देर रात एक मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ बदमाश गुरुद्वारा साहिब पहुंचता है। वह सबसे पहले गेट के अंदर एक चिट्ठी फेंकता है और इसके बाद इधर-उधर देखकर अपनी पिस्तौल निकाल लेता है। वीडियो में यह भी नजर आ रहा है कि गोली चलाते समय उसकी पिस्तौल नीचे गिर जाती है, जिसे वह उठाकर दोबारा चेक करता है और गेट पर दो राउंड फायर करके वहां से भाग जाता है।
यह भी पढ़ें- लुधियाना में राहगीर को बचाना पड़ा भारी, बसंत आइसक्रीम के मैनेजर के घर पर हमला; परिवार को पीटा और कार तोड़ी
गुरुद्वारा मुखियों के बारे में लिखे अपशब्द
अकाली दल बादल के वर्कर गुरिंदर सिंह रूमी ने सोमवार देर रात करीब बारह बजे फोन कर पुलिस को इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चिट्ठी में गुरुद्वारा साहिब के मुखी बाबा अमरजीत सिंह, खुद उनके यानी गुरिंदर सिंह रूमी और जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज के खिलाफ बेहद अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया है।
चिट्ठी में मुख्य आरोप यह लगाया गया है कि गुरुद्वारा साहिब में अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी से जुड़े लोगों के आने पर उन्हें सिरोपा भेंट किया जाता है। इसी बात से रंजिश रखते हुए चिट्ठी में दोनों को आगामी चुनावों से पहले जान से खत्म करने की खुली धमकी दी गई है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है।
