यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 03, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Fraud In Ludhiana : पत्नी अमर नूरी का बड़ा आराेप-पंजाबी गायक स्व. सरदूल सिकंदर के नाम पर की जा रही उगाही
नूरी ने कहा कि उनके पास ऐसी शिकायतें पहुंच रही हैं कि कुछ लोग उनके परिवार की वित्तीय हालत खराब ...और पढ़ें

खन्ना, (लुधियाना) जेएनएन। पंजाबी गायक स्व. सरदूल सिकंदर के परिवार की तरफ से कुछ लोगों द्वारा उनके नाम पर नाजायज उगाही किए जाने के आरोप लगाए हैं। हालांकि परिवार की तरफ से फिलहाल उन लोगों के नामों का राजफाश नहीं किया गया है, लेकिन पत्नी अमर नूरी ने कहा कि अगर वह लोग ऐसी हरकतों से बाज नहीं आए तो जल्द ही उनकी पहचान भी मीडिया और समाज के सामने रखी जाएगी। अमर नूरी और उनके बेटों अलाप सिकंदर व सारंग सिकंदर ने अपने आवास पर शुक्रवार की शाम को प्रेस कांफ्रेंस में यह बातें कहीं।
लोगों से कर रहे पैसे इकट्ठे
नूरी ने कहा कि उनके पास ऐसी शिकायतें पहुंच रही हैं कि कुछ लोग उनके परिवार की वित्तीय हालत खराब होने की बात कह लोगों से पैसे इकट्ठे कर रहे हैं। बातचीत के दौरान भावुक हुई नूरी ने कहा कि उनके परिवार के पास लोगों का कमाया हुआ प्यार है। सरदूल के निधन के बाद पूरी दुनिया ने भी वह प्यार और लगाव देखा, लेकिन शर्म इस बात को लेकर है कि कुछ लोग उनके परिवार पर आई इस आपदा को भी कैश करना चाहते हैं।
परिवार की वित्तीय हालत बिल्कुल ठीक
नूरी ने लोगों से अपील की कि वे ऐसे लोगों को सिरे से नकार दें जो उनके नाम पर पैसे लेने आएगा। उन्होंने यहां तक कहा कि भले ही वह उनका बहुत नजदीकी रिश्तेदार और पारिवारिक मित्र ही क्यों ना हो, किसी को भी एक भी पैसा नहीं दिया जाए। उन्होने कहा कि उनके परिवार की वित्तीय हालत बिल्कुल ठीक है और सरदूल उनके लिए बहुत कुछ छोड़ कर गए हैं। वे जरूरत पड़ने पर आने वाले दिनों में उगाही करने वालों के नामों का खुलासा करेंगे और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। नूरी ने कहा कि सरदूल की संगीत की विरासत को उनके बेटे आगे बढ़ाएंगे। उम्मीद है लोग उन्हें भी सरदूल जितना ही प्यार देंगें।
