यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 13, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
20 रुपये के अंडों ने सस्पेंड कराया हवलदार, पंजाब में रेहड़ी से चोरी करते वीडियो वायरल
पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में तैनात एक पुलिस कांस्टेबल ने रेहड़ी से अंडे चुरा लिए। किसी ने उसकी वीडियो बना ...और पढ़ें

फतेहगढ़ साहिब [धरमिंदर सिंह]। फतेहगढ़ साहिब में 20 रुपये के अंडों ने हवलदार को सस्पेंड करा दिया। वर्दी में इस हवलदार की शर्मनाक करतूत कैमरे में कैद होने के बाद वायरल वीडियो से पंजाब पुलिस की साख भी खराब हुई। जैसे ही यह वीडियो एसएसपी अमनीत कौंडल के पास पहुंची तो उन्होंने तुरंत तहसील गार्द में तैनात हवलदार को सस्पेंड कर दिया। साथ ही हवलदार की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई।
छिंदर नामक व्यक्ति क्षेत्र में अंडों की सप्लाई करता है। रोजाना की तरह वह अपनी रेहड़ी पर अंडों की सप्लाई देने निकला हुआ था। वह ज्योति स्वरूप चौक के पास सड़क किनारे रेहड़ी खड़ी करके एक दुकान में अंडे देने गया था। इसी बीच, वहां खड़े एक हवलदार ने एक के बाद एक चार अंडे रेहड़ी से उठाकर पैंट की जेबों में डाल लिए और आटो में बैठ वहां से खिसक गया।
जब हवलदार आंख बचाकर अंडे चोरी कर रहा था तो वहां पास ही खड़े एक व्यक्ति ने वीडियो बना ली। वीडियो वायरल होने के बाद पोल खुली। दैनिक जागरण से बातचीत में छिंदर ने बताया कि दुकान में सप्लाई देने के बाद जब उसने आकर देखा तो ट्रे से चार अंडे गायब थे। पास के लोगों ने उसे बताया कि अंडे पुलिस वाले ने चोरी कर लिए हैं। डर के कारण वह कुछ नहीं बोला और वहां से चला गया था। एसएसपी कौंडल ने हवलदार को सस्पेंड करने की पुष्टि करते हुए कहा कि ऐसे कर्मियों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
यह भी पढ़ें: Amitabh Bachchan से दो करोड़ का दान लेने पर पंथक विवाद, HSGPC व सिख संगठनों ने राशि वापस करने को कहा
यह भी पढ़ें: सोनाली फोगाट और सपना चौधरी का मुकाबला, ममता का हुड्डा प्रेम, पढ़ें हरियाणा की और भी रोचक खबरें
यह भी पढ़ें: पंजाब के एक दर्जन गांवों की ग्राउंड रिपोर्ट, दिल्ली बार्डर से लौटकर किसान बन रहे सुपर स्प्रेडर
