दिल्ली-लुधियाना फ्लाइट के समय में तबदीली; अब चारों उड़ानें नए शेड्यूल पर चलेंगी, जानें क्या है नया समय
दिल्ली और हलवारा के बीच उड़ानों के समय में बदलाव किया गया है। 15 मई से चारों उड़ानें नए समय ...और पढ़ें

लुधियाना का हलवारा एयरपोर्ट।
HighLights
15 मई से दिल्ली-हलवारा उड़ानों का समय बदला।
केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू ने नए शेड्यूल की घोषणा की।
यात्रियों की सुविधा और क्षेत्र विकास को बढ़ावा।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। दिल्ली और लुधियाना के हलवारा के बीच संचालित होने वाली उड़ानों के समय में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। यह बदलाव 15 मई से लागू होगा और इसके तहत दोनों दिशाओं में चलने वाली चारों उड़ानें अब नई समय सारिणी के अनुसार संचालित होंगी।
इस संबंध में जानकारी केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने साझा की। उन्होंने बताया कि यह निर्णय लुधियाना और आसपास के क्षेत्रों के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। नई समय सारिणी के अनुसार अब दिल्ली से हलवारा के लिए पहली उड़ान सुबह 8 बजकर 35 मिनट पर रवाना होगी और लगभग 9 बजकर 45 मिनट पर हलवारा हवाई अड्डे पर पहुंचेगी।
यह भी पढ़ें- पंजाब में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, विकास प्रताप तकनीकी शिक्षा विभाग, सुमेर सिंह रक्षा सेवा कल्याण में भेजे गए
दोपहर की फ्लाइट के समय में भी तबदीली
इसके बाद दूसरी उड़ान दोपहर 12 बजकर 55 मिनट पर दिल्ली से उड़ान भरेगी और करीब 2 बजकर 10 मिनट पर हलवारा पहुंचेगी।
इसी प्रकार हलवारा से दिल्ली के लिए पहली उड़ान सुबह 10 बजकर 25 मिनट पर रवाना होगी और 11 बजकर 40 मिनट पर दिल्ली पहुंचेगी। दूसरी उड़ान दोपहर 2 बजकर 40 मिनट पर हलवारा से उड़ान भरेगी और 3 बजकर 55 मिनट पर दिल्ली पहुंचेगी।
यह भी पढ़ें- जालंधर में दिनदहाड़े बैंक लूट, हथियार के बल पर सात लाख ले भागे दो युवक, सीसीटीवी में कैद वारदात
यात्रियों की सुविधा के अनुसार बदला समय
इस बदलाव से यात्रियों को अधिक सुविधा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। खासकर व्यापारिक और दैनिक यात्रियों के लिए यह नई समय व्यवस्था काफी लाभदायक मानी जा रही है, क्योंकि अब उन्हें अपने कामकाज के अनुसार यात्रा की बेहतर योजना बनाने में आसानी होगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से उड़ानों के समय में बदलाव की मांग की जा रही थी, जिसे अब पूरा कर दिया गया है। इससे क्षेत्र के विकास को भी गति मिलने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- पंजाब बचाओ रैली में बादल का दावा, अकाली दल को खत्म करने की हो रही साजिश; लोगों के सामने रखा अपना विजन
