भारत में 15 अक्टूबर से महंगी होंगी आम आदमी की सवारी, हर साइकिल पर 160 रुपये तक बढ़ेंगे दाम
कच्चे माल की कीमतों में बढ़ोतरी से साइकिल उद्योग पर लागत का दबाव बढ़ा है। निर्माता 15 अक्टूबर से अपनी साइकिलों के दाम 160 रुपये तक बढ़ा सकते हैं।

ये प्रतीकात्मक तस्वीर है।
HighLights
कच्चे माल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से उत्पादन लागत बढ़ी।
स्टील के दाम एक महीने में 7,000 रुपये प्रति टन बढ़े।
15 अक्टूबर से साइकिलों के दाम 160 रुपये तक बढ़ेंगे।
मुनीश शर्मा, लुधियाना। साइकिल निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से उद्योग पर लागत का दबाव बढ़ गया है। स्टील के दाम पिछले एक महीने में करीब 7,000 रुपये प्रति टन बढ़ने के साथ प्लास्टिक दाना, पेपर, तेल, पेंट, केमिकल और अन्य जरूरी कंपोनेंट्स की कीमतों में भी इजाफा हुआ है।
इससे साइकिल निर्माताओं की उत्पादन लागत प्रभावित हो रही है। ऐसे में बाजार की परिस्थितियों और अपनी लागत के आधार पर निर्माता साइकिल की कीमतों में करीब 160 रुपये प्रति साइकिल तक बढ़ोतरी 15 अक्टूबर से करेंगें।
इस संबंध में जी 13 एसोसिएशन के सदस्यों की बैठक हुई। बैठक में कच्चे माल की बढ़ती कीमतों से उद्योग के सामने आ रही चुनौतियों पर चर्चा की गई। कारोबारियों ने कहा कि इनपुट कॉस्ट में लगातार वृद्धि से उत्पादन की लागत और कारोबार का गणित प्रभावित हो रहा है। ऐसे में कंपनियों के लिए मौजूदा कीमतों पर साइकिल की आपूर्ति जारी रखना चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है।
यह भी पढ़ें- पंजाब में कौन बनेगा मुख्यमंत्री का चेहरा? अध्यक्ष परगट सिंह ने साफ की कांग्रेस हाईकमान का फैसला
निर्माता अपने स्तर पर लेंगे फैसला
एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि साइकिल की कीमतों में बढ़ोतरी का फैसला प्रत्येक निर्माता अपनी लागत, कारोबारी परिस्थितियों और बाजार की मांग को ध्यान में रखते हुए स्वतंत्र रूप से करेगा। बैठक का उद्देश्य कच्चे माल की बढ़ती कीमतों से उत्पन्न परिस्थितियों की समीक्षा करना और बाजार में अच्छी गुणवत्ता वाली साइकिलों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के उपायों पर चर्चा करना था।
यह भी पढ़ें- DA बकाया होने पर हाई कोर्ट सख्त, पंजाब के मुख्य सचिव के खिलाफ आपराधिक अवमानना का मामला संबंधित पीठ को भेजा
सदस्यों को दिए सदस्यता प्रमाणपत्र
बैठक के दौरान एसोसिएसन की ओर से सदस्यों को सदस्यता प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए। एसोसिएशन के प्रधान राजिंदर जिंदल, महासचिव रोहित पाहवा और कोऑर्डिनेटर उमेश नारंग ने कहा कि एसोसिएशन इस चुनौतीपूर्ण समय में साइकिल उद्योग और उपभोक्ताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।
