लुधियाना में तेज रफ्तार कार ने 5 गाड़ियों को मारी टक्कर, 15 फीट हवा में उछला बाइक सवार; CCTV में खौफनाक मंजर कैद
लुधियाना के बहादुरके रोड पर एक तेज रफ्तार टियागो ईवी कार ने पांच वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे पांच ...और पढ़ें
HighLights
तेज रफ्तार टियागो ईवी ने बहादुरके रोड पर पांच वाहनों को टक्कर मारी।
हादसे में पांच लोग घायल हुए, बाइक सवार 15 फीट हवा में उछला।
सीसीटीवी फुटेज में घटना कैद, पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। लुधियाना के बहादुरके रोड पर वीरवार शाम तेज रफ्तार टियागो ईवी कार ने एक के बाद एक पांच वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में पांच लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार उछलकर करीब 15 फीट हवा में चला गया और तीन गुलाटियां खाते हुए लगभग 30 फीट दूर सड़क पर जा गिरा। हादसे के बाद बाइक के पुर्जे भी कई मीटर दूर तक बिखर गए। पूरी घटना सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
सीसीटीवी फुटेज में सफेद रंग की टियागो ईवी कार तेज रफ्तार में आती दिखाई दे रही है। कार ने सबसे पहले साइकिल और बाइक सवार को टक्कर मारी। इसके बाद भी चालक ने कार नहीं रोकी। कार आगे बढ़ते हुए सामने से आ रहे दो ई-रिक्शा और एक एक्टिवा से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक ई-रिक्शा सड़क पर पूरी तरह पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी।
यह भी पढ़ें- बरनाला के थाने में युवक ने निगला जहर, पुलिस पर रिश्वत मांगने का आरोप; कार में आग की रिपोर्ट के लिए था परेशान

ईवी के साथ टकराती कार सीसीटीवी में कैद।
करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की बताई रफ्तार
हादसे में घायल ई-रिक्शा चालक जतिंदर पाल सिंह ने बताया कि वह दो सवारियों को लेकर जा रहे थे। उनके अनुसार सामने से आ रही कार की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे थी। उन्होंने बताया कि करीब पांच सेकेंड के भीतर कार ने पहले मोटरसाइकिल और फिर उनके ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया, जबकि सिर पर भी गंभीर चोट आई है।
जतिंदर पाल सिंह के अनुसार, टक्कर के बाद कार चालक खुद वाहन से बाहर निकलने की स्थिति में नहीं था। उन्होंने चालक के नशे में होने की आशंका जताई है। हालांकि, चालक के नशे में होने की अभी पुष्टि नहीं हुई है। इसकी स्थिति पुलिस की मेडिकल जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
यह भी पढ़ें- जालंधर में कार सवार युवकों ने शराब के नशे में की हवाई फायरिंग, वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने दो को दबोचा
पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया
हादसे की सूचना मिलते ही सलेम टाबरी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया। सभी घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य करवाया।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही चालक की मेडिकल जांच करवाई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भी घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कार की वास्तविक रफ्तार कितनी थी और हादसा किस कारण से हुआ।
