विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जालंधर में पुरानी रंजिश का खूनी खेल, युवक को घेरकर किरपाणों से हमला; CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

Published: Fri, 25 Sep 2026 02:24 PM (IST)

जालंधर के गढ़ा में पुरानी रंजिश को लेकर युवकों ने मिंटू पर किरपाणों से हमला कर दिया। वारदात सीसीटीवी में कैद हुई। पुलिस ने तीन आरोपित गिरफ्तार किए।

जागरण संवाददाता, जालंधर। जालंधर शहर के एक मोहल्ले में पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। रंजिश के चलते कुछ युवकों ने मिलकर एक युवक को रास्ते में घेर लिया और उस पर किरपाण व अन्य तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

यह पूरी वारदात पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह हमलावर हाथों में नंगी किरपाणें लहराते हुए युवक पर ताबड़तोड़ वार कर रहे हैं। पीड़ित युवक खुद को बचाने की हरसंभव कोशिश करता है, लेकिन हमलावर लगातार उस पर हमला करते रहते हैं।

यह भी पढ़ें- अनंत चौदस पर जालंधर में सिद्ध बाबा सोढल मेले में पहुंचे लाखों श्रद्धालु, पंजाब के राज्यपाल भी हुए नतमस्तक

वफादार कुत्ते ने दिखाई बहादुरी

घटना के दौरान एक बेहद हैरान कर देने वाला नजारा भी देखने को मिला। जब हमलावर युवक पर वार कर रहे थे, तभी वहां एक वफादार कुत्ता पहुंच गया। फुटेज के अनुसार, कुत्ते ने निडर होकर हमलावरों की तरफ बढ़कर उन्हें भौंकना और डराना शुरू कर दिया। कुत्ते के इस अचानक विरोध को देखकर हमलावर एक पल के लिए पीछे हटने पर मजबूर हो गए। हालांकि, कुछ देर बाद हमलावर दोबारा लौटे और मारपीट कर मौके से फरार हो गए।

यह भी पढ़ें- संगरूर के पीर बाबा जुड़वा शाह मेले में हादसा! गोलगप्पे खाते समय करंट लगने से 2 युवकों की गई जान, 5 गंभीर घायल

तीन हमलावर गिरफ्तार

वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया। फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने त्वरित कदम उठाया और मामले में शामिल तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में दो सगे भाई और उनका एक साथी शामिल है।

पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में मामला पुरानी व्यक्तिगत रंजिश से जुड़ा पाया गया है। पकड़े गए आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है ताकि वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों को बरामद किया जा सके।

यह भी पढ़ें- Asian Games 2026: पंजाब के खिलाड़ियों ने लहराया तिरंगा, पटियाला की परिनाज और मानसा के सतनाम ने जीता कांस्य