विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संगरूर के पीर बाबा जुड़वा शाह मेले में हादसा! गोलगप्पे खाते समय करंट लगने से 2 युवकों की गई जान, 5 गंभीर घायल

Published: Fri, 25 Sep 2026 11:34 AM (IST)

सुनाम के पीर बाबा जुड़वा शाह मेले में गोलगप्पे की स्टॉल पर करंट फैलने से दो लोगों की मौके पर ...और पढ़ें

अस्पताल में उपचाराधीन घायल।

अस्पताल में उपचाराधीन घायल।

जागरण संवाददाता, सुनाम (संगरूर)। पंजाब के जिला संगरूर के अंतर्गत आते सुनाम शहर में चल रहे पीर बाबा जुड़वा शाह के वार्षिक मेले में एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। मेले में लगी एक गोलगप्पे की स्टॉल के पास अचानक बिजली का करंट फैल गया, जिसकी चपेट में आकर दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं चार अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पीर बाबा जुड़वा शाह प्रबंधकीय कमेटी की ओर से हर साल की तरह इस बार भी मेले का भव्य आयोजन किया जा रहा था। मेले में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हुए थे। रात के समय लोग गोलगप्पे की स्टॉल के पास खड़े थे कि अचानक लोहे के ढांचे या तारों में बिजली का तेज करंट आ गया। देखते ही देखते करंट ने वहां खड़े कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।

यह भी पढ़ें- Asian Games 2026: पंजाब के खिलाड़ियों ने लहराया तिरंगा, पटियाला की परिनाज और मानसा के सतनाम ने जीता कांस्य

टोहाना के रहने वाले मृतक

हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान टोहाना निवासी अनमोल (पुत्र राजिंदर सिंह) और कुलारा निवासी गुरतेज सिंह (पुत्र गुरचरण सिंह) के रूप में हुई है। वहीं इस हादसे में मूनक निवासी हैप्पी सिंह (पुत्र सतपाल सिंह), मूनक निवासी बिट्टू सिंह (पुत्र बलवीर सिंह), टोहाना निवासी अनिल कुमार (पुत्र मुंशीराम) और सुनाम निवासी लखविंदर सिंह (पुत्र जगन सिंह) गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी पीड़ितों को तुरंत सिविल अस्पताल सुनाम पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दो युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीन घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद आगे के उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया।

यह भी पढ़ें- कैप्टन अमरिंदर सिंह का BJP से मोहभंग! कहा- 4 साल में कुछ नहीं मिला, कांग्रेस वापसी और चुनाव लड़ने को लेकर क्या बोले?

कैबिनेट मंत्री ने किया सहायता राशि का एलान

हादसे की खबर मिलते ही पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा चंडीगढ़ से सीधे अपने परिवार के साथ सिविल अस्पताल सुनाम पहुंचे। उन्होंने अस्पताल पहुंचकर पीड़ितों के परिजनों से मुलाकात की और अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। मंत्री ने घायलों का हाल-चाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए।

अमन अरोड़ा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस पूरे हादसे की उच्च स्तरीय और पूरी गंभीरता से जांच करवाई जाएगी। यदि जांच में किसी भी स्तर पर आयोजकों या किसी अन्य की लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।

उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने ऐलान किया कि पंजाब सरकार की ओर से मृतक परिवारों को उचित आर्थिक मुआवजा दिया जाएगा और घायलों का पूरा इलाज सरकारी मदद से करवाया जाएगा।

यह भी पढ़ें- Punjab Weather 25th September: कहीं झमाझम तो कहीं सूखा! मौसम विभाग ने कुछ जिलों में बारिश की संभावना जताई