कैप्टन अमरिंदर सिंह का BJP से मोहभंग! कहा- 4 साल में कुछ नहीं मिला, कांग्रेस वापसी और चुनाव लड़ने को लेकर क्या बोले?
पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भाजपा में चार साल बाद असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें कुछ हासिल नहीं हुआ।

पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह (फाइल फोटो)
HighLights
भाजपा में चार साल बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने असंतोष जताया
कांग्रेस वापसी और चुनावी राजनीति से खुद को दूर बताया
पंजाब में भाजपा को अकाली दल से गठबंधन की सलाह दी
रोहित कुमार, चंडीगढ़। भाजपा में शामिल होने के करीब चार साल बाद पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पार्टी के भीतर अपने राजनीतिक सफर को लेकर खुलकर असंतोष जाहिर किया है।
एक अखबार को दिए साक्षात्कार में कैप्टन ने कहा कि भाजपा के साथ चार साल में उन्होंने “वास्तव में कुछ भी हासिल नहीं किया।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कांग्रेस में वापस जाने की उनकी कोई योजना नहीं है। साथ ही कहा कि चुनाव लड़ने के उनके दिन अब प्रभावी तौर पर खत्म हो चुके हैं।
सितंबर 2022 में भाजपा में शामिल हुए कैप्टन ने कहा कि किसी पार्टी में शामिल होने पर स्वाभाविक उम्मीद होती है कि वरिष्ठ नेता से सलाह ली जाएगी।
खासकर ऐसे व्यक्ति से, जिसने पंजाब को करीब छह दशक तक करीब से देखा और समझा है। उन्होंने कहा, “मैं यह दावा नहीं कर रहा कि पंजाब के बारे में मेरे पास सभी जवाब हैं, लेकिन मैं इस राज्य को अच्छी तरह जानता हूं।”
कैप्टन के बयान से शुरू हुई थीं सियासी चर्चाएं
कैप्टन के इस बयान को भाजपा में उनके राजनीतिक प्रभाव और भूमिका को लेकर अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री पद छोड़ने और कांग्रेस से अलग होने के बाद उन्होंने अपनी पार्टी बनाई थी और बाद में भाजपा में उसका विलय कर दिया था। हालांकि अब चार साल बाद वह खुद कह रहे हैं कि इस दौरान उन्हें पार्टी से कोई खास हासिल नहीं हुआ।
यह भी पढ़ें- 'स्थिति बदल चुकी है', गमाडा में ED की रेड पर पंजाब सरकार ने HC से वापस ली याचिका; अधिकारियों का अवैध हिरासत से इनकार
भाजपा के साथ अपने भविष्य को लेकर पूछे गए सवाल पर कैप्टन ने कहा कि उनके पास फिलहाल दूसरा विकल्प भी नहीं है।
उन्होंने कहा कि वह अकाली दल में नहीं जा सकते और उन्हें नहीं लगता कि कांग्रेस उन्हें वापस लेगी। साथ ही उन्होंने स्वीकार किया कि वह खुद भी कुछ हद तक उलझन में हैं और पहले उन्हें अपने स्तर पर चीजों को सुधारने की जरूरत है।
सक्रिय तौर पर राजनीति में नहीं नजर आएंगे कैप्टन
84 वर्षीय कैप्टन ने साफ किया कि वह अब चुनावी राजनीति में सक्रिय उम्मीदवार के तौर पर नजर नहीं आएंगे। हालांकि 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कई अहम राजनीतिक टिप्पणियां कीं। उन्होंने कहा कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि कौन सी पार्टी बढ़त की स्थिति में है।
आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच मुकाबले की बात करते हुए उन्होंने भाजपा के जमीनी समर्थन को लेकर भी सवाल उठाए और अकाली दल के साथ गठबंधन की पैरवी की।
कैप्टन ने कहा कि अगर भाजपा पंजाब में सरकार बनाना चाहती है तो उसे अपने पुराने सहयोगी अकाली दल के साथ गठबंधन पर विचार करना चाहिए।
उनके मुताबिक दोनों दल पहले भी मिलकर सरकारें बना चुके हैं। इससे साफ है कि चुनावी राजनीति से दूरी की घोषणा के बावजूद कैप्टन की नजर पंजाब के अगले राजनीतिक समीकरण पर बनी हुई है।
यह भी पढ़ें- पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने खाली कराया परिसर; मौके पर पहुंचीं सुरक्षा एजेंसियां
