बेटा नहीं हो रहा था इसलिए किया...', लुधियाना स्टेशन से चोरी किया गया बच्चा बरामद, महिला सहित दो गिरफ्तार
लुधियाना रेलवे स्टेशन पर एक महिला ने एक साल के बच्चे का अपहरण कर लिया। जीआरपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला और उसके साथी को गिरफ्तार कर बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया। पूछताछ में महिला ने बताया कि उसका कोई बेटा नहीं है इसलिए उसने बच्चे को चुराया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है आशंका है कि वे किसी गिरोह से जुड़े हो सकते हैं।

जागरण संवाददाता, लुधियाना। रेलवे स्टेशन के बुकिंग आफिस के पास उत्तर प्रदेश के फतेहपुर निवासी लालती देवी के एक साल के बच्चे राज को चोरी करने वाली महिला और उसके साथी को जीआरपी ने गिरफ्तार कर लिया है। महिला को ग्यासपुरा और उसके साथी को विश्वकर्मा कॉलोनी से काबू किया।
वहीं, पुलिस ने बच्चा बरामद कर परिजनों को सौंप दिया है। जीआरपी थाना प्रभारी पलविंदर सिंह ने बताया कि आरोपी महिला की पहचान अनिता यादव निवासी जिला साराय बस्ती, उत्तर प्रदेश और उसके साथी इंद्रदेव निवासी जिला गोंडा उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
दोनों आरोपितों को दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपित अनिता यादव ने बताया कि उसने बच्चा इसलिए चोरी किया क्योंकि उसका कोई बेटा नहीं है। वह और उसका साथी इंद्रदेव स्टेशन से लालती देवी के बच्चे को ले गए थे। पुलिस का कहना है कि दोनों किसी बच्चे चोर गिरोह से जुड़े हो सकते हैं।
मंगलवार रात लालती देवी अपने दो बच्चों संस्कार (4 वर्ष) और राज (1 वर्ष) के साथ लुधियाना रेलवे स्टेशन पर रुकी थीं। वे वेटिंग हाल में सो रही थीं, तभी अनिता और उसका साथी पास आए। लालती देवी सो गईं और तभी अनिता ने राज को उठाकर फरार हो गई।
शिकायत मिलने के बाद जीआरपी ने टीम गठित कर जांच शुरू की। रेलवे स्टेशन और आसपास के सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को सुराग मिले। आरोपित को पकड़ने में 10 साल के एक बच्चे की मदद भी मिली, जिसने आरोपितों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने रेड कर इंद्रदेव और अनिता को गिरफ्तार किया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।