विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पुलिस मुठभेड़ में दो गैंगस्टर ढेर, चंडीगढ़ से पीछा कर रही थी AGTF; लुधियाना में हुआ आमना-सामना

Published: Sun, 13 Sep 2026 03:45 PM (IST)

लुधियाना के आतमनगर चौकी के पास पुलिस और गैंगस्टरों के बीच मुठभेड़ हुई। चंडीगढ़ से पीछा कर रही टीम के साथ गोलीबारी में दो गैंगस्टरों की मौत हुई।

लुधियाना के आतमनगर में घटनास्थल पर माजूद पुलिस।

लुधियाना के आतमनगर में घटनास्थल पर माजूद पुलिस।

HighLights

  1. लुधियाना में पुलिस और गैंगस्टरों के बीच हुई मुठभेड़।

  2. चंडीगढ़ की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स ने दो बदमाश मारे।

  3. आतमनगर चौकी के पास हुई घटना, पुलिस जांच जारी।

जागरण संवाददाता, लुधियाना। लुधियाना महानगर के आतमनगर चौकी के नजदीक रविवार दोपहर पुलिस और गैंगस्टरों के बीच मुठभेड़ हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मुठभेड़ में दो गैंगस्टरों की मौत हुई है। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों गैंगस्टरों के पीछे चंडीगढ़ से एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स की टीम लगी हुई थी। टीम उनका पीछा करते हुए लुधियाना पहुंची। आतमनगर चौकी के नजदीक दोनों का पुलिस टीम से आमना-सामना हो गया। इस दौरान दोनों तरफ से गोलीबारी शुरू हो गई। मुठभेड़ के दौरान दोनों गैंगस्टरों के मारे जाने की सूचना है।

यह भी पढ़ें- जालंधर में 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत, शव के पास मिले नशे के टीके; भाजपा नेता ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

फोरेंसिक टीम ने शुरू की जांच

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद इलाके में सुरक्षा और बढ़ा दी गई। आसपास से गुजरने वाले लोगों को घटनास्थल से दूर रखा गया।

घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम और जांच अधिकारी भी पहुंचे। पुलिस की ओर से मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मुठभेड़ के दौरान इस्तेमाल किए गए हथियारों और गोलीबारी से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें- पंजाब में बिजली संकट के बीच बड़ी राहत, राजपुरा का 700 मेगावाट यूनिट चालू; मांग 16 हजार MW के पार

गैंगस्टरों की पहचान में जुटी पुलिस

पुलिस अब मारे गए दोनों गैंगस्टरों की पहचान करने में जुटी है। उनके आपराधिक रिकार्ड और किस गिरोह से उनके संबंध थे, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि दोनों के पास कितने हथियार थे और वे किस मामले में वांछित थे।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मुठभेड़ से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम और दोनों गैंगस्टरों की पहचान को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आएगी।

यह भी पढ़ें- लुधियाना में बाणा पहनकर घूम रहा था लुटेरा, असली निहंगों ने घेरकर कर दी धुनाई; Video हुआ वायरल