विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जालंधर में 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत, शव के पास मिले नशे के टीके; भाजपा नेता ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

Published: Sun, 13 Sep 2026 03:30 PM (IST)

जालंधर के बस्ती शेख में 22 वर्षीय युवक का शव मिला। पास नशे के टीके मिलने से ओवरडोज का शक है। भाजपा नेता ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए

शव को जांच के लिए लेकर जाते हुए पुलिस।

शव को जांच के लिए लेकर जाते हुए पुलिस।

HighLights

  1. जालंधर के बस्ती शेख में 22 वर्षीय युवक का शव मिला।

  2. शव के पास नशे के टीके मिलने से ओवरडोज की आशंका।

  3. भाजपा नेता ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए, निष्पक्ष जांच की मांग।

जागरण संवाददाता, जालंधर। जालंधर के बस्ती शेख इलाके में रविवार को 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव पानी वाली टंकी के पास पड़ा मिला। शव के पास नशे के टीके मिलने से प्रथम दृष्टया युवक की मौत नशे की अधिक मात्रा लेने से होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी मौत के कारण की पुष्टि नहीं की है।

थाना डिवीजन नंबर पांच की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।

यह भी पढ़ें- पंजाब में बिजली संकट के बीच बड़ी राहत, राजपुरा का 700 मेगावाट यूनिट चालू; मांग 16 हजार MW के पार

भाजपा नेता ने पुलिस पर उठाए सवाल

घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा नेता और पूर्व विधायक शीतल अंगुराल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि घटनास्थल पर पहुंचने के बाद पुलिस ने सबसे पहले वहां पड़े नशे के टीके उठा लिए।

शीतल अंगुराल ने दावा किया कि उनके पास घटनास्थल की शुरुआती तस्वीरें मौजूद हैं, जिनमें नशे के टीके दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बस्ती दानिशमंदा और बस्ती शेख क्षेत्र में नशे की बिक्री खुलेआम हो रही है। उनका कहना था कि इलाके में नशे के कारोबार की जानकारी होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही।

निष्पक्ष जांच की मांग

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि घटनास्थल से कथित तौर पर सबूत हटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि युवक की मौत नशे की अधिक मात्रा लेने से हुई है तो मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

यह भी पढ़ें- लुधियाना में बाणा पहनकर घूम रहा था लुटेरा, असली निहंगों ने घेरकर कर दी धुनाई; Video हुआ वायरल

पोस्टमार्टम के बाद स्पष्ट होगा कारण

उधर, एडीसीपी माधवी शर्मा ने कहा कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस युवक की पहचान, उसके परिवार और घटनास्थल से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि युवक के पास नशे के टीके कैसे पहुंचे और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत को नशे की अधिक मात्रा से जोड़कर कोई निष्कर्ष निकाला जाएगा।

यह भी पढ़ें- श्री हरिमंदिर साहिब के पास 5 साल का बच्चा जमीन पर गिरा तो मचा बवाल, श्रद्धालु भिड़े; मारपीट में तीन लोग घायल