लुधियाना उपचुनाव में हार के बाद आशु ने दिया इस्तीफा, अब हाईकमान लेंगे अंतिम फैसला; राजा वड़िंग ने भी दी प्रतिक्रिया
लुधियाना उपचुनाव में हार के बाद कांग्रेस के कार्यकारी प्रधान भारत भूषण आशु ने इस्तीफा दे दिया है, जिस पर अंतिम फैसला हाईकमान लेगा। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग ने हार से पार्टी को हुए नुकसान को स्वीकार किया, लेकिन कहा कि सरकार के खिलाफ उनकी लड़ाई जारी रहेगी। पार्टी अब हार के कारणों की समीक्षा करेगी।
लुधियाना उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी आशु को मिली हार (फोटो- सोशल मीडिया)
राज्य ब्यूरो, लुधियाना। कांग्रेस के कार्यकारी प्रधान भारत भूषण ने लुधियाना पश्चिमी में हुए उप चुनाव में मिली हार के बाद अपना इस्तीफा प्रदेश प्रभारी भूपेश बघेल को भेजा है। कांग्रेस के प्रदेश प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पुन: दोहराया कि इस्तीफा उन्हें नहीं मिला है।
वहीं, आशु के इस्तीफे पर फैसला पार्टी हाईकमान को लेना होगा। चूंकि आशु के पास वर्किंग प्रधान की जिम्मेदारी थी। अत: उनके इस्तीफे पर अंतिम फैसला राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को ही लेना होगा।
वहीं, कांग्रेस भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए राजा वड़िंग ने कहा, लुधियाना पश्चिमी में मिली हार से पार्टी को नुकसान हुआ है। हालांकि पार्टी पूरी ताकत से लड़ी लेकिन सरकार ने अपनी सारी मशीनरी का प्रयोग किया। वड़िंग ने कहा, यह लड़ाई जारी रहेगी। वहीं, जानकारी के अनुसार लुधियाना चुनाव में मिली हार की कांग्रेस समीक्षा करेगी।
पार्टी के प्रदेश प्रभारी इसके लिए चंडीगढ़ आएंगे। बैठक के दौरान चुनाव के हरेक पहलुओं पर चर्चा होगी। माना जा रहा है कि जल्द होने वाली इस बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता हिस्सा लेंगे। चूंकि आशु ने अपने दम पर चुनाव लड़ा था और इस बात को उन्होंने अधिकारिक रूप से स्वीकार भी किया। अत: पार्टी हार के कारणों पर विस्तृत चर्चा करेगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।