दिल्ली से जालंधर जा रही वोल्वो बस और सरिया लदे ट्रॉले में टक्कर, खिड़की से कूदे यात्री; पुल से लटका ट्रॉला
खन्ना में दिल्ली-जालंधर जा रही एक वोल्वो बस सरिये से लदे ट्रॉले से टकरा गई। बस में 35 यात्री थे जिन्होंने कूदकर जान बचाई। कुछ यात्रियों को मामूली चोटे ...और पढ़ें

संवाद सूत्र, खन्ना। दिल्ली से जालंधर जा रही पंजाब रोडवेज की वोल्वो बस खन्ना में हादसे का शिकार हो गई। बस जब खन्ना बस स्टैंड के पास नेशनल हाईवे पर पुल से गुजर रही थी, तभी सरिये से लदे ट्राले से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के समय बस में करीब 35 यात्री सवार थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्राला पुल से नीचे गिरने से बचा और उसका आधा हिस्सा पुल से नीचे लटक गया। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस में सवार यात्रियों ने तुरंत खिड़कियों और दरवाजों से बाहर कूदकर खुद को सुरक्षित किया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं।
बस को होशियारपुर निवासी सतनाम सिंह चला रहा था जबकि ट्राला मंडी गोबिंदगढ़ निवासी दीपक कुमार चला रहा था। बस में सवार एक यात्री ने बताया कि हम दिल्ली से आ रहे थे, तभी खन्ना पहुंचने पर बस ने ट्राले को ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन जगह कम थी और बस सीधा ट्राले से टकरा गई।
बस चालक सतनाम सिंह के अनुसार ट्राला चालक ने एकदम ब्रेक लगाई। ट्राले के पीछे करीब 4 फीट तक सरिया लोड कर रखा था। इसके चलते सरिया बस में फंस गया और हादसा हुआ। वहीं, ट्राला चालक दीपक कुमार ने दावा किया कि वह बहुत धीमी गति से ट्राला चला रहा था, तभी तेज रफ्तार बस ने पीछे से उसे टक्कर मार दी।
घटना की जानकारी मिलते ही ट्रैफिक इंचार्ज रविंदर कुमार मौके पर पहुंचे और दोनों वाहनों को सड़क से किनारे हटाकर यातायात को सुचारू करवाया। एहतियातन सर्विस लेन पर भी अलर्ट जारी कर दिया गया ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
ट्रैफिक इंचार्ज ने कहा कि ट्राला चालक के एकदम ब्रेक लगाने से हादसा हुआ। गनीमत रही कि ट्राले का अगला हिस्सा पुल ऊपर लटक गया। नीचे गिरने से कई लोगों की जान जा सकती थी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।