लुधियाना में विवाहिता ने फंदा लगाकर दी जान, पति से चल रहा था विवाद
लुधियाना के शेरपुर में 25 वर्षीय सरबजीत कौर ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका तीन महीने से मायके में रह रही थी और उसका पति से विवाद चल रहा था। उसकी मां ने उसे बाथरूम में फंदे से लटका पाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।

संवाद सूत्र, लुधियाना। पंजाब के लुधियाना जिले के थाना मोती नगर के अधीन आते शेरपुर इलाके में उस समय सनसनी फैल गई जब 25 वर्षीय महिला ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
मृतका की पहचान सरबजीत कौर 25 निवासी गली नंबर 2, शेरपुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार मंगलवार को सरबजीत की मां जब घर के बाथरूम में गई तो वहां सरबजीत को फंदे से लटका देखा।
परिजन तुरंत उसे नीचे उतारकर पास के निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना तुरंत थाना मोती नगर की पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही एएसआई अजमेर सिंह पुलिस पार्टी सहित मौके पर पहुंचे।
उन्होंने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि सरबजीत कौर पिछले करीब तीन महीने से अपने मायके में ही रह रही थी। उसका पति से विवाद चल रहा था, जिसके चलते वह ससुराल नहीं जा रही थी। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया है। बुधवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।