Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    फिरोजपुर और कपूरथला में घरों में भरा पानी, तरनतारन के 20 गांवों में भी बाढ़ का खतरा; सरकार करेगी नुकसान की भरपाई

    भाखड़ा बांध से पानी छोड़े जाने के कारण सतलुज नदी में जलस्तर बढ़ने से कपूरथला फिरोजपुर और तरनतारन जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और विशेष गिरदावरी के आदेश दिए। प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है और सरकार नुकसान का मुआवजा देने की बात कर रही है।

    By Jagran News Edited By: Prince Sharma Updated: Sat, 23 Aug 2025 08:18 AM (IST)
    Hero Image
    तरनतारन के 20 गांवों में भी बाढ़ का खतरा (जागरण फोटो)

    जागरण टीम, कपूरथला। भाखड़ा बांध से लगातार चौथे दिन चार फ्लड गेटों से 43,176 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इससे सतलुज दरिया का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और कपूरथला व फिरोजपुर में जिलों में बाढ़ के हालात जस के तस बने हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हरिके हेड वर्क्स में जलस्तर बढ़ने से तरनतारन जिले के भी 20 गांवों में बाढ़ का खतर पैदा हो गया है। उधर, मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को कपूरथला जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और मक्खू से हरिके पत्तन तक हवाई सर्वेक्षण किया। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की विशेष गिरदावरी कराने के भी आदेश दिए।

    कपूरथला के करीब 20 गांवों में 15 दिनों से बाढ़ के हालात बने हैं। सतलुज दरिया का जलस्तर बढ़ने से फिरोजपुर जिले के सीमावर्ती गांवों में स्थिति गंभीर होती जा रही है।

    शु्क्रवार को गांव कालूवाला के कुछ घरों में पानी घुस गया है। गांव में फंसे लोगों को बीएसएफ जवानों ने उनके घरों से निकालकर दरिया पार करवाकर सुरक्षित स्थानों पर छोड़ा।

    कई स्थानों भारत-पाक सीमा की फेंसिंग भी पानी में डूब गई है। बीएसएफ जवान दो से तीन फुट तक जमा पानी के बीच पेट्रोलिंग कर रहे हैं। उधर, पौंग डैम से पानी छोड़ने से हरिके हेड वर्क्स में 36 क्यूसेक हजार का जलस्तर बढ़ गया है।

    तरनतारन जिले के 20 गांवों में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। गांव सभरां में आठ गांवों के लोग धुस्सी बांध पर मिट्टी की बोरियां लगाकर मजबूत करने में जुटे हैं। फाजिल्का ज़िले के सीमावर्ती गांवों में पिछले एक सप्ताह से जलभराव की स्थिति बनी हुई है।

    शुक्रवार को जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल और ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंध बाढ़ प्रभावित गांवों का जायजा लिया।

    तीन तरफ से पाकिस्तान से घिरे गांव मुहार जमशेर की सड़कों पर पानी भरा होने के कारण मंत्री सौंध ट्रैक्टर पर सवार होकर पहुंचे।

    दोनों मंत्रियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी मुश्किलें सुनीं और मौके पर ही प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। आज भी भारी वर्षा की संभावना राज्य में निवार को कई जिलों में वर्षा भारी वर्षा की संभावना है।

    मौसम विभाग ने इसे लेकर आरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। 23 को कुछ जिलों में हलकी वर्षा होगी। इसके बाद 24 से 27 अगस्त तक भारी वर्षा हो सकती है।

    सरकार बाढ़ पीड़ितों को नुकसान की पाई-पाई का मुआवजा देगी: मुख्यमंत्री मान

    मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को कपूरथला जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहाड़ी राज्यों में लगातार हो रही वर्षा के कारण राज्य में यह स्थिति उत्पन्न हुई है। वह बाढ़ की स्थिति पर लगातार रख रहे हैं।

    उन्होंने कहा कि सरकार बाढ़ पीड़ितों को नुकसान की पाई-पाई का मुआवजा देगी और भविष्य में ऐसी प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान से बचने के तरीकों पर भी विचार किया जाएगा।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहले से ही बड़े पैमाने पर राहत और बचाव कार्य चल रहे हैं ताकि लोगों को किसी भी तरह की मुश्किल का सामना न करना पड़े।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पहले ही राज्य में बाढ़ के कारण लोगों को हुए नुकसान का पता लगाने के लिए विशेष गिरदावरी के आदेश दिए हैं। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि विशेष गिरदावरी निष्पक्ष तरीके से की जाए ताकि लोगों को उनके नुकसान का उचित मुआवजा दिया जा सके।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को नुकसान का उचित मुआवजा देने के लिए विशेष गिरदावरी में फसल, पशु, घर आदि के अलावा हर नुकसान को शामिल किया जाएगा।

    उन्होंने कहा कि इन निचले इलाकों में बाढ़ के कारण हुए नुकसान का पता लगाकर लोगों को उचित मुआवजा दिया जाएगा। लोगों को भरोसा दिया कि उनकी सरकार बाढ़ के दौरान लोगों को हुए एक-एक पैसे के नुकसान का मुआवजा देगी।