बाढ़ प्रभावित सुल्तानपुर लोधी पहुंचे अरविंद केजरीवाल, हर संभव मदद का दिया आश्वासन
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सुल्तानपुर लोधी के बाढ़ प्रभावित मंड बाउपुर क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से बातचीत की और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। केजरीवाल ने कहा कि पंजाब सरकार किसानों को नुकसान की भरपाई करेगी और इस मुश्किल समय में आम आदमी पार्टी पीड़ितों के साथ खड़ी है।

अरविंद पाठक, सुल्तानपुर लोधी। आप सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री दिल्ली अरविंद केजरीवाल ने सुल्तानपुर लोधी के बाढ़ प्रभावित मंड बाउपुर क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने मंड क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित सांगरा गाँव के डेरों का भी दौरा किया और लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएँ सुनीं।
उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों को हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया। बाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार बाढ़ से हुए नुकसान की भरपाई पंजाब के किसानों को करेगी।
उन्होंने कहा कि इस समय पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रो की हालत बेहद दयनीय है और इस मुश्किल घड़ी में आम आदमी पार्टी और उनकी सरकार पीड़ितों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि जो लोग पानी से घिरे हैं वह अपने घरों से निकलने को तैयार नहीं हैं क्योंकि उनका कहना है कि घर से निकलने पर चोरी होने का डर रहता है।
उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों में, केवल पंजाबी ही हैं जो बिना किसी स्वार्थ के पंजाबियों की मदद कर रहे हैं, जिनके जज्बे को हम सलाम करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जब भी देश में कहीं भी किसी भी प्रकार की समस्या आई है, पंजाबियों ने दिल खोलकर साथ दिया है।
अरविंद केजरीवाल ने अफगानिस्तान में आए भूकंप के दौरान केंद्र सरकार द्वारा की गई मदद की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री से पंजाब के बाढ़ प्रभावित लोगों की अधिक से अधिक मदद करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पानी उतरने के बाद भी प्रभावित क्षेत्रों के पीड़ितों को मदद की बहुत आवश्यकता होगी। जिसके लिए वह पूरी कोशिश करेंगे।
उन्होंने कहा कि पंजाब के लगभग 1400 गाँवों में 3 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रभावित गाँव में एक जल अधिकारी तैनात किया जाएगा जो पानी उतरने के बाद वहाँ सभी को आवश्यक सहायता प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि पानी उतरने के बाद बाढ़ प्रभावित किसानों की समस्याएँ बढ़ जाएँगी और पंजाब सरकार उनकी यथासंभव मदद करेगी। उन्होंने समाजसेवी संस्थाओं द्वारा की जा रही सेवाओं की सराहना करते हुए उनसे पानी उतरने के बाद किसानों की भी मदद करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री खराब स्वास्थ्य के कारण मेरे साथ नहीं आ सके। लेकिन मंड के बाढ़ प्रभावित किसानों के प्रति उनकी पूरी सहानुभूति है। इस मौके पर उनके साथ राज्यसभा सदस्य संत बाबा बलबीर सिंह सीचेवाल, आप के प्रदेश अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा, कैबिनेट मंत्री महिंदर भगत, पूर्व विधायक पवन टीनू, आप हलका प्रभारी और चेयरमैन इंप्रूवमेंट ट्रस्ट सज्जन सिंह चीमा, आप के वरिष्ठ नेता परविंदर सिंह ढोट, डीएसपी हर गुरदेव सिंह व विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।