कपूरथला में प्रवासी मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, भाई ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप
कपूरथला के ढिलवां गांव में एक प्रवासी मजदूर महीपाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतक के भाई ने बताया कि डॉक्टरों ने गला घोंटने की पुष्टि की है। मृतक की शादी 12 साल पहले हुई थी और उसके चार बच्चे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

संवाद सूत्र, कपूरथला। शुक्रवार देर रात ढिलवां गांव में रह रहे एक प्रवासी मज़दूर की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय महीपाल पुत्र जयपाल, निवासी ढिलवां (मूल निवासी बरेली, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, महीपाल की तबीयत बिगड़ने पर उसे तुरंत कपूरथला के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।मृतक के भाई देसपाल ने आरोप लगाते हुए बताया कि उसे उसके भाई के ससुर का फोन आया था कि महीपाल की हालत बेहद गंभीर है और वह बच नहीं पाएगा।
थोड़ी देर बाद दोबारा फोन आया कि उसकी मौत हो चुकी है। देसपाल ने बताया कि जब वह सिविल अस्पताल पहुंचे और डाक्टरों से बातचीत की, तो डाक्टरों ने गले पर निशान होने की पुष्टि करते हुए कहा कि मौत गला घोंटने से हुई है।
मृतक के भाई ने कहा कि महीपाल बिल्कुल स्वस्थ था और उसे कोई गंभीर बीमारी नहीं थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि महीपाल के ससुराल पक्ष के लोग उसे पसंद नहीं करते थे। उसकी पत्नी और ससुराल पक्ष ने मिलकर उसकी हत्या की है।
मृतक की शादी को 12 साल हो चुके थे और वह चार बच्चों (दो बेटे व दो बेटियां) का पिता था। वह मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।