कपूरथला में आसमानी बिजली का कहर, 7 घरों में लाखों के उपकरण जले; मकान की दीवारों में पड़ी दरार
कपूरथला के प्रीत नगर में आकाशीय बिजली गिरने से सात घरों के बिजली उपकरण जल गए। पार्षद के मकान की दीवारों में दरारें आईं। पीड़ितों ने मुआवजा मांगा।

मकान पर पड़ी दरार।
HighLights
कपूरथला में आकाशीय बिजली गिरने से सात घर क्षतिग्रस्त हुए।
लाखों के उपकरण जले, पार्षद के मकान की दीवारों में दरारें आईं।
पीड़ित परिवारों ने जिला प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।
जागरण संवाददाता, कपूरथला। कपूरथला शहर के प्रीत नगर इलाके में देर रात भारी वर्षा के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से सात घरों में लाखों रुपये का नुकसान हो गया। बिजली गिरने से घरों में लगे इलेक्ट्रॉनिक और बिजली के उपकरण जल गए। वहीं, हादसे का असर इतना तेज था कि वार्ड नंबर 36 के कांग्रेसी पार्षद गुरपाल सिंह बिल्ला के मकान की दीवारों में दरारें पड़ गईं।
कई जगह दीवारें फटने की भी बात सामने आई है। अचानक हुए इस हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पीड़ित अमृत और पार्षद गुरपाल सिंह बिल्ला ने बताया कि देर रात करीब ढाई बजे अचानक तेज गड़गड़ाहट के साथ बिजली कड़की। इसके बाद जोरदार धमाका हुआ। धमाका इतना तेज था कि ऐसा लगा जैसे कोई बम गिरा हो। कुछ ही पलों में पूरे इलाके में बिजली की चमक दिखाई दी और घरों की दीवारों में दरारें पड़ने लगीं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आकाशीय बिजली पार्षद के घर के पास गिरी। इसके कारण सबसे अधिक प्रभाव उनके मकान और आसपास के घरों पर पड़ा। घटना के समय लोग अपने घरों में सो रहे थे। तेज आवाज और धमाके से कई परिवार घबरा गए।
यह भी पढ़ें- अमृतपाल सिंह के समर्थन में द ग्रेट खली का बयान, बोले- पंजाब को नशामुक्त बनाने में निभा सकते हैं अहम भूमिका
सात घरों में दिखा असर
पीड़ित परिवारों के मुताबिक, आकाशीय बिजली गिरने से करीब सात घरों में भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घरों में लगे एसी, एलईडी टीवी, फ्रिज, टुल्लू पंप की मोटर, इन्वर्टर और अन्य बिजली के उपकरण जल गए। इसके अलावा कई घरों की बिजली की तारों और वायरिंग को भी नुकसान पहुंचा है।
लोगों का कहना है कि कुछ ही देर में घरों के उपकरण खराब हो गए। कई परिवारों के लिए यह नुकसान काफी बड़ा है, क्योंकि घरेलू उपकरणों को दोबारा खरीदने में काफी खर्च आएगा। हादसे के बाद लोगों ने अपने घरों की दीवारों और बिजली के कनेक्शनों की स्थिति भी देखी।
यह भी पढ़ें- अल्टीमेटम खत्म! अमृतसर-फिरोजपुर सहित 5 जिलों में रेलवे ट्रैक पर डटे किसान, ट्रेनों के बदले रूट; यात्री परेशान
पूरी रात दहशत में रहे लोग
अचानक हुए इस हादसे के बाद प्रीत नगर में डर का माहौल बन गया। तेज धमाके के बाद कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय निवासियों ने बताया कि रात भर लोग जागते रहे और एक-दूसरे का हालचाल लेते रहे।
पार्षद के घर की दीवारों में दरारें आने से आसपास के लोगों की चिंता और बढ़ गई। स्थानीय लोग घटना के बाद नुकसान का जायजा लेने में जुटे रहे। बिजली के उपकरणों और मकानों को हुए नुकसान से प्रभावित परिवारों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन से मुआवजे की मांग
घटना के बाद पीड़ित परिवारों ने जिला प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। उनका कहना है कि आकाशीय बिजली गिरना प्राकृतिक आपदा है और इससे उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। ऐसे में प्रशासन को जल्द मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन करना चाहिए। पीड़ितों ने प्रशासन से उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने की अपील की है, ताकि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को राहत मिल सके।
