विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कपूरथला में सड़क हादसे ने उजाड़े दो परिवार, दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में दोनों सवारों की मौत

Published: Sat, 12 Sep 2026 11:56 AM (IST)

कपूरथला के कड़ाल कलां के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में प्रभजीत सिंह और रविंदर सिंह की मौत हो गई। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया था।

अस्पताल में विलाप करते हुए परिजन।

अस्पताल में विलाप करते हुए परिजन।

HighLights

  1. कपूरथला में दो मोटरसाइकिलों की जोरदार टक्कर में दो की मौत।

  2. मृतकों की पहचान प्रभजीत सिंह और रविंदर सिंह के रूप में हुई।

  3. हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम और शोक का माहौल।

जागरण संवाददाता, कपूरथला। कपूरथला के गांव कड़ाल कलां के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दो व्यक्तियों की मौत हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों मोटरसाइकिल सवार बुरी तरह घायल हो गए। उन्हें एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल कपूरथला पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान प्रभजीत सिंह पुत्र प्रीतम सिंह निवासी मोठांवाल और रविंदर सिंह पुत्र महिंदर सिंह निवासी कालरू के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलने के बाद संबंधित थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें- कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में वापसी की चर्चाओं पर बोले सचिन पायलट, कहा- हाईकमान से नहीं हुई कोई बातचीत

खाना लेने गया था प्रभजीत

प्रभजीत सिंह के पारिवारिक सदस्यों ने बताया कि उसकी पत्नी प्रसव के लिए सिविल अस्पताल कपूरथला में भर्ती है। पत्नी के लिए खाना लेने के लिए प्रभजीत सिंह घर से मोटरसाइकिल पर निकला था। इसी दौरान कड़ाल कलां के पास उसका मोटरसाइकिल से हादसा हो गया।

परिवार के अनुसार, उन्हें हादसे की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल पहुंचाया गया। वहां पता चला कि दुर्घटना में प्रभजीत सिंह की जान चली गई है। परिवार में इस घटना के बाद मातम का माहौल है।

यह भी पढ़ें- पंजाब में 3 IAS अधिकारियों के तबादले, ऋषि पाल को मिली महिला आयोग की जिम्मेदारी; दो अन्य को भी मिले अहम पद

काम खत्म कर घर लौट रहा था रविंदर

दूसरी ओर, रविंदर सिंह के पारिवारिक सदस्यों ने बताया कि वह ट्रैक्टरों की वर्कशाप में काम करता था। रोज की तरह काम खत्म करने के बाद वह मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था। कड़ाल कलां के पास सामने से आ रहे दूसरे मोटरसाइकिल सवार से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने हादसे की सूचना दी और दोनों को एंबुलेंस की सहायता से सिविल अस्पताल कपूरथला पहुंचाया गया।

ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. इंदरप्रीत सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में घायल दो लोगों को अस्पताल लाया गया था। जांच करने पर दोनों की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना संबंधित थाने को दे दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- अमृतसर में ASI जसवंत सिंह पर फायरिंग, सिर में गोली लगने के बाद भी पहुंचे थाने