कपूरथला बार चुनाव में 34 वोटों से हुई RPS बाजवा की जीत, मनप्रीत वालिया को सचिव पद की मिली जिम्मेदारी
कपूरथला जिला बार एसोसिएशन चुनाव में आरपीएस बाजवा प्रधान और मनप्रीत सिंह वालिया सचिव चुने गए। 329 वकीलों ने मतदान किया, परिणाम के बाद परिसर में जश्न मनाया गया।

बार चुनाव में जीत के बाद मुंह मीठा करते हुए नवनियुक्त पदाधिकारी।
HighLights
आरपीएस बाजवा कपूरथला बार एसोसिएशन के नए प्रधान चुने गए।
मनप्रीत सिंह वालिया ने सचिव पद पर जीत हासिल की।
नवनिर्वाचित टीम वकीलों के कल्याण और सुविधाओं में सुधार करेगी।
सुकेत गुप्ता, कपूरथला। कपूरथला जिला बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव के परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिए गए। मतदान के बाद एडवोकेट आरपीएस बाजवा को नया प्रधान और एडवोकेट मनप्रीत सिंह वालिया को सचिव चुना गया। परिणाम घोषित होते ही कचहरी परिसर में समर्थकों ने ढोल की थाप पर भांगड़ा डालकर जीत का जश्न मनाया।
चुनाव शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए एडवोकेट हमीश कुमार को मुख्य रिटर्निंग अधिकारी बनाया गया था। उनके साथ एडवोकेट दर्शन सिंह और एडवोकेट अमृतपाल ने चुनाव संचालन में सहयोग किया। बार के कुल 353 पंजीकृत मतदाताओं में से 329 वकीलों ने मतदान किया।
यह भी पढ़ें- Punjab Mandi Bhav 11th September: गेहूं, बासमती चावल और दालों के ताजा रेट, जानें अपनी नजदीकी मंडी का हाल
बाजवा ने नितिन शर्मा को 34 मतों से हराया
प्रधान पद के मुकाबले में आरपीएस बाजवा को 180 मत मिले, जबकि नितिन शर्मा को 146 मत प्राप्त हुए। इस पद के लिए तीन मत रद्द घोषित किए गए। इस तरह बाजवा ने 34 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।
सचिव पद पर भी कड़ा मुकाबला हुआ। मनप्रीत सिंह वालिया को 169 मत मिले, जबकि नवीन कपूर को 158 मत प्राप्त हुए। वालिया ने 11 मतों के अंतर से जीत हासिल की।
महिला आरक्षित पदों पर भी स्पष्ट जीत
उपप्रधान के पद पर हरप्रीत कौर बग्गा ने 200 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उनकी प्रतिद्वंद्वी दीपिका शीतल को 125 मत मिले। संयुक्त सचिव के पद पर विवेका झाखू विजयी रहीं। उन्हें 213 मत मिले, जबकि कोमल कुमारी सिंह को 112 मत प्राप्त हुए। इस पद पर दो मत रद्द किए गए।
यह भी पढ़ें- बरनाला में 5 साल के मासूम पर चाची का खौफनाक सितम! डंडों से पीटा और गर्म तवे से दागा
वकीलों के हितों को बताया प्राथमिकता
परिणाम की घोषणा के बाद रिटर्निंग टीम ने विजयी उम्मीदवारों को प्रमाण पत्र सौंपे। नवनिर्वाचित प्रधान आरपीएस बाजवा और सचिव मनप्रीत वालिया ने सभी वकीलों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि बार और बेंच के बीच बेहतर तालमेल, वकीलों की सुरक्षा, कल्याण कोष और बार कक्ष की सुविधाओं में सुधार उनकी प्राथमिकता रहेगी।
जीत के बाद वरिष्ठ और युवा अधिवक्ताओं ने नई टीम को बधाई दी और मुंह मीठा करवाया। कई अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के सफल कार्यकाल की कामना की।
यह भी पढ़ें- फाजिल्का के 7 गांवों में नेताओं की नो एंट्री, विधानसभा चुनाव के बहिष्कार का एलान; जमीन के उचित मुआवजे की मांग
