जालंधर-अमृतसर हाईवे पर दर्दनाक हादसा, बाइक को पीछे से अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर; पति-पत्नी और मां की मौत
जालंधर-अमृतसर हाईवे पर सुभानपुर के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार पति-पत्नी और मां की मौत हो गई। पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश कर रही है।

ये प्रतीकात्मक तस्वीर है।
HighLights
जालंधर-अमृतसर हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसे में तीन की मौत।
पति-पत्नी और मां ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
अज्ञात वाहन ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मारी।
जागरण संवाददाता, कपूरथला। जालंधर-अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार देर रात सुभानपुर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी और उनकी मां ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। तीनों अमृतसर के लोपोके इलाके के रहने वाले थे।
जानकारी के अनुसार, राहुल अपनी पत्नी अंजली और मां अमनदीप कौर के साथ बाइक पर जालंधर से अमृतसर की ओर जा रहे थे। देर रात जब वे सुभानपुर थाना क्षेत्र में पहुंचे तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह भी पढ़ें- तरनतारन में पुलिस मुठभेड़, वांटेड बदमाश की टांग में लगीं दो गोलियां; पिस्तौल और मोटरसाइकिल बरामद
मौके पर ही तोड़ा दम
हादसे के बाद राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही सुभानपुर थाना पुलिस और राजमार्ग गश्ती दल मौके पर पहुंचा। सहायक उपनिरीक्षक हरजिंदर सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने तीनों को संभाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर एंबुलेंस के माध्यम से पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल कपूरथला की मोर्चरी में भेज दिया। मृतकों की पहचान राहुल, उनकी पत्नी अंजली और मां अमनदीप कौर के रूप में हुई है। पुलिस ने वाहन के नंबर और मृतकों के पहचान पत्रों के आधार पर उनके परिजनों से संपर्क किया।
यह भी पढ़ें- जालंधर में पुलिस-गैंगस्टर की मुठभेड़, रोकने पर चला दी गोली; क्राॅस फायरिंग में आरोपी घायल
पुलिस वाहन की पहचान में जुटी
सहायक उपनिरीक्षक हरजिंदर सिंह ने बताया कि हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपित वाहन का पता लगाने के लिए राजमार्ग के किनारे स्थित दुकानों, बाजार और ढाबों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर वाहन की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
