कमान संभालने के बाद सचिन पायलट आ रहे पंजाब, श्री हरिमंदिर साहिब से दौरे की शुरुआत संभव; गुटबाजी होगी खत्म!
पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट सोमवार के बाद कभी भी पंजाब पहुंच सकते हैं। दो-तीन दिन के दौरे में वरिष्ठ नेताओं, जिला प्रभारियों से बैठक और संगठन की समीक्षा करेंगे।

पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट।
HighLights
सचिन पायलट का पंजाब कांग्रेस प्रभारी के रूप में पहला दौरा।
चंडीगढ़ में वरिष्ठ नेताओं और जिला प्रभारियों से करेंगे मुलाकात।
संगठन को एकजुट कर आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी पर जोर।
डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस के नए प्रभारी सचिन पायलट के आगामी पंजाब दौरे को लेकर पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। माना जा रहा है कि सोमवार के बाद पायलट कभी भी पंजाब पहुंच सकते हैं। उनका दौरा दो से तीन दिन का हो सकता है। अगले एक-दो दिनों में उनके दौरे का विस्तृत कार्यक्रम जारी होने की संभावना है।
पंजाब कांग्रेस के प्रभारी की जिम्मेदारी संभालने के बाद यह सचिन पायलट का पहला पंजाब दौरा होगा। दौरे के दौरान वह चंडीगढ़ में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर सकते हैं। इसके अलावा जिला प्रभारियों और संगठन से जुड़े अन्य पदाधिकारियों के साथ भी चर्चा की संभावना है। इस पूरे दौरे में सबसे बड़ी चुनौती गुटबाजी पर लगाम लगाना होगा।
यह भी पढ़ें- कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में वापसी की चर्चाओं पर बोले सचिन पायलट, कहा- हाईकमान से नहीं हुई कोई बातचीत
दिल्ली में प्रमुख नेताओं से कर चुके हैं मुलाकात
पंजाब दौरे से पहले सचिन पायलट पिछले कुछ दिनों में दिल्ली में पंजाब कांग्रेस के लगभग सभी प्रमुख नेताओं से मुलाकात कर चुके हैं। इन बैठकों में प्रदेश में संगठन की स्थिति, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और पार्टी को मजबूत करने को लेकर चर्चा हुई।
पायलट ने नेताओं को स्पष्ट संदेश दिया है कि राहुल गांधी के प्रस्तावित पंजाब दौरे से पहले पार्टी को एकजुट होकर राजनीतिक मैदान में उतरना होगा। ऐसे में उनके पंजाब दौरे को संगठन को चुनावी मोड में लाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
श्री हरिमंदिर साहिब से हो सकती है शुरुआत
पायलट के दौरे की शुरुआत अमृतसर में श्री हरिमंदिर साहिब से होने की संभावना भी जताई जा रही है। हालांकि अभी अंतिम कार्यक्रम तय नहीं हुआ है। इसके बाद वह चंडीगढ़ में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सकते हैं।
जिला स्तर पर संगठन को सक्रिय करने और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए तैयारियों की समीक्षा भी उनके एजेंडे में शामिल रह सकती है। पार्टी सूत्रों के अनुसार पायलट जिला स्तर पर संगठन की स्थिति और नेताओं के बीच तालमेल को लेकर भी जानकारी ले सकते हैं।
यह भी पढ़ें- 6 दिन में 3 बार रद हुई दिल्ली-लुधियाना फ्लाइट: 65 यात्री हुए परेशान, महंगी टैक्सी लेकर पहुंचे IGI एयरपोर्ट
संगठन को एकजुट करने की चुनौती
पार्टी राहुल गांधी के प्रस्तावित पंजाब दौरे से पहले प्रदेश में राजनीतिक माहौल तैयार करने पर जोर दे रही है। राहुल गांधी के दौरे का बड़े स्तर पर स्वागत करने की भी तैयारी की जा रही है। पायलट का पंजाब दौरा इसी अभियान की पहली बड़ी कड़ी माना जा रहा है।
प्रदेश कांग्रेस में चल रही गुटबाजी के बीच पायलट के सामने सभी नेताओं को साथ लेकर संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारी में जुटाने की चुनौती होगी। उनके दौरे में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने पर विशेष जोर रहने की संभावना है।
