Punjab News: पति विदेश में, ससुराली करते थे तंग; 3 साल के बच्चे के साथ महिला ने किया आत्मदाह
कपूरथला में ससुराल वालों से प्रताड़ित एक महिला ने अपने तीन साल के बच्चे के साथ आग लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतकों की पहचान प्रीति और उसके बेटे परविंदर के रूप में हुई है जो काला संघिया के निवासी थे। पुलिस ने ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है।

संवाद सहयोगी, कपूरथला। ससुरालियों की प्रताड़ना से परेशान होकर एक महिला ने अपने तीन साल के बच्चे के साथ तेल डालकर आग लगा ली, जिससे दोनों की मौत हो गई। दोनों की पहचान 26 वर्षीय प्रीति पत्नी तरलोचन सिंह और तीन वर्षीय परविंदर सिंह के रूप में हुई है। दोनों काला संघिया के रहने वाले थे।
बताते हैं कि प्रीति का पति विदेश में रहता है और वह कपूरथला-नकोदर रोड पर स्थित गांव काला संघिया के टावीं साहिब रोड पर अपने तीन साल के बेटे के साथ मकान की ऊपरी मंजिल पर रह रही थी। लोगों ने बताया कि उन्होंने जब ऊपरी मंजिल से धुआं निकलता देखा तो वे उसके पारिवारिक सदस्यों के साथ जब छत पर पहुंचे, तो देखा कि प्रीति ने बच्चे को पकड़ रखा था और दोनों आग से घिरे हुए थे।
लोगों ने जब तक आग पर काबू पाया, दोनों बुरी तरह झुलस चुके थे। दोनों को तुरंत काला संघिया के अस्पताल ले जाया गया, जहां ड्यूटी डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर की एसएचओ प्रभजोत कौर और चौकी काला संघिया के प्रभारी अमरजीत सिंह पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए काला संघिया सिविल अस्पताल में भेजा गया है।
चौकी काला संघिया के प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि मृतका के जालंधर के गांव बादशाहपुर में रहते स्वजन के बयान पर ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।मायके पक्ष के अनुसार, प्रीति की शादी पांच साल पहले तरलोचन सिंह से हुई थी।
परिवार का कहना है कि तरलोचन करीब दो वर्ष से विदेश में रह रहा है। प्रीति अपने ससुराल में बेटे के साथ रह रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल के पांच लोग लगातार उनकी बेटी को तंग कर रहे थे, जिसके कारण उसने इतना बड़ा फैसला लिया।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।