Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    फिल्म की स्क्रिप्ट भी फेल! लुटेरी दुल्हन ने शिवसेना नेता के बेटे को बनाया शिकार; माता-पिता और बुआ सब थे नकली

    Updated: Mon, 09 Jun 2025 09:51 AM (IST)

    जालंधर में डॉली की डोली जैसी घटना सामने आई है जिसमें एक लुटेरी दुल्हन शिवसेना नेता के बेटे से शादी कर गहने और कीमती सामान लेकर फरार हो गई। जांच में पता चला कि दुल्हन पहले भी कई शादियां कर चुकी है और उसका परिवार भी नकली था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

    Hero Image
    जालंधर में शादी के तीन दिन बाद ही घर से सारा सामान ले भागी लुटेरी दुल्हन। प्रतीकात्मक तस्वीर

    जागरण संवाददाता, जालंधर। अभिनेत्री सोनम कपूर की फिल्म डाली की डोली जैसी कहानी जालंधर में भी हुई। जिस तरह सोनम कपूर का किरदार डाली लड़कों को फंसा कर उनसे शादी कर उनके घर से सारा सामान चोरी कर लेती थी, उसी की तर्ज पर जालंधर में भी घर से सामान चोरी करने वाली ‘लुटेरी दुल्हन’ के साथ उसके नकली पिता, माता और बुआ के खिलाफ थाना पांच की पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    लुटेरी दुल्हन जालंधर के एक शिवसेना नेता के बेटे के साथ शादी कर तीन दिन बाद ही सारा सामान व गहने लेकर फरार हो गई। अगले दिन जब पीड़ित परिवार को घटना का पता चला तो उन्होंने शादी करवाने वाली महिला को ढूंढ़ा जो खुद को दुल्हन की बुआ बताती थी, लेकिन वो भी फरार हो चुकी थी।

    परिवार ने जब पता किया तो मालूम चला कि लुटेरी दुल्हन की पहले भी कई शादियां हो चुकी हैं। जहां पर भी उसने शादी की, वहां से सामान लेकर फरार हो जाती थी और उसका तलाक भी नहीं हुआ था।

    शहीद बाबू लाभ सिंह नगर निवासी प्रकाश सिंह ने छह माह पहले थाना पांच की पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके बेटे की शादी बसंत नगर की अमनप्रीत कौर से तय हुई थी। विवाह पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुआ।

    शादी के तीन दिन बाद ही लड़की रात के समय घर से गहने, नकदी और सारा कीमती सामान लेकर फरार हो गई। बाद में परिवार को पता चला कि जिस लड़की के साथ उनका बेटा विवाह कर चुका है, वह पहले से ही शादीशुदा है। लड़की इससे पहले जालंधर और मोगा में शादी कर चुकी थी।

    जांच में यह बात भी सामने आई कि लड़की अमनप्रीत कौर का पिता बलजीत सिंह, माता बलदीश कौर व बुआ अमनप्रीत कौर नकली थी। बुआ का जो पिता था, वो ही दुल्हन का असली पिता है। घर से सामान चोरी करने के बाद सभी के मोबाइल बंद हो गए।

    प्रकाश सिंह ने बताया कि लड़की ने शादी के बाद लड़के के साथ जाकर कहीं खाना भी नहीं खाया। तबीयत खराब होने की बात कह कर वो लड़के और बाकी परिवार से दूरी बना कर रखती थी। उसकी बुआ अमनप्रीत कौर भी ऐसे बात करती थी जैसे लड़की के घर को वही चलाती हो।

    शादी बुआ अमनप्रीत कौर ने ही करवाई थी। छह महीने की जांच के बाद अब मामला दर्ज हुआ। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्द ही उन्हें काबू कर लिया जाएगा।