यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 23, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
तरनतारन में कलयुगी बेटे ने मां की गोली मार की हत्या, छाती के आरपार हो गई गोली
तरनतारन के गांव नौरंगाबाद में बेटी लवप्रीत कौर के पास रहती 68 वर्षीय सविंदर कौर पत्नी स्वर्गीय सरमुख सिंह को ...और पढ़ें

तरनतारन, जेएनएन। थाना सदर के गांव नौरंगाबाद में बेटी लवप्रीत कौर के पास रहती 68 वर्षीय सविंदर कौर पत्नी स्वर्गीय सरमुख सिंह को उसके कलयुगी बेटे कारज सिंह ने छाती में गोली आरपार करके उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गोइंदवाल साहिब बाइपास निवासी कारज सिंह का मां के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसके कारण सविंदर कौर अपनी बेटी के पास गांव नौरंगाबाद में रहती आ रही थी। रात करीब साढ़े नौ बजे सविंदर जब खाना खाकर सोने की तैयारी कर रही थी तो वहां पर आरोपित कारज सिंह आया और मां की छाती में रिवाल्वर से गोली दाग दी जो आरपार हो गई। सविंदर की मौके पर ही मौत हो गई। पता चलते ही थाना देहाती के प्रभारी इंस्पेक्टर प्रभजीत सिंह, ड्यूटी आफिसर विपिन कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। एसएसपी ध्रुमन एच निंबाले ने बताया कि सविंदर के भतीजे जगजीत सिंह के बयानों पर पुलिस ने आरोपित कारज सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
हवाई फायर करने पर बाप-बेटे पर केस
सरहाली कलां। कस्बा सरहाली निवासी गुरजंट सिंह व उसके पिता तरसेम सिंह के खिलाफ हवाई फायर करने का मामला दर्ज किया गया। एएसआइ प्रितपाल सिंह ने बताया कि गुरजंट सिंह के घर में विवाह समारोह था। समारोह के दौरान वह अपने पिता तरसेम सिंह से मिलकर घर की छत पर चढ़कर फायर कर रहा था। शिकायत मिलते ही दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
