Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पंजाब में आंधी-बारिश का कहर, दो मजदूरों समेत कुल 4 की मौत; आज फिर आंधी-तूफान और ओलावृष्टि के आसार

    Updated: Sun, 25 May 2025 09:33 AM (IST)

    पंजाब में आंधी और बारिश ने कहर बरपाया जिससे चार लोगों की जान चली गई। लुधियाना में एक हौजरी फैक्ट्री की दीवार गिरने से दो मजदूरों की मलबे में दबकर मौत हो गई। जालंधर में राष्ट्रीय ध्वज का पोल गिरने से एक युवक की जान चली गई मिलाप चौक में बिजली का खंभा गिरने से एक की मौत हो गई।

    Hero Image
    जालंधर में तेज आंधी के कारण नगर निगम कार्यालय के बाहर राष्ट्रीय ध्वज के लिए लगाया गया पोल गिर गया।

    जागरण संवाददाता, लुधियाना। केरल में जहां मानसून ने समय पूर्व प्रवेश कर चेहरे पर खुशियां बिखेरीं, वहीं पंजाब में देर शाम आंधी और वर्षा से जनजीवन प्रभावित हुआ। प्रदेश में चार लोगों की मौत हो गई। लुधियाना में जालंधर बाईपास के निकट स्थित चार मंजिला हौजरी फैक्ट्री की दीवार गिरने से दो लोगों की मलबे में दबने से जान चली गई। मृतकों की पहचान निरंजन और राम भवन के रूप में हुई है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दोनों फैक्ट्री में माल लेकर आए थे और बाहर गली में खड़े थे तभी मलबे की चपेट में आ गए। जालंधर में श्रीराम चौक (कंपनी बाग) के पास राष्ट्रीय ध्वज का पोल गिरने से दो युवक घायल हो गए। इनमें से एक की बाद में मौत हो गई। मृतक की पहचान अवतार नगर के 18 वर्षीय रमेश के रूप में हुई है। वहीं, मिलाप चौक में बिजली का खंभा गिरने से एक व्यक्ति की जान चली गई। उसकी पहचान नहीं हो पाई है।

    शनिवार देर शाम कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से आंधी चली। इससे गर्मी से राहत मिली, पर यातायात व बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोग परेशान भी हुए। धूल भरी आंधी ने राहगीरों को खूब तंग किया। तेज आंधी के कारण कई जगह घंटों बिजली गुल रही।

    दिन में गर्मी से तपे शहर

    मौसम केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार फाजिल्का व बठिंडा दिन में सबसे गर्म रहे। दोनों जिलों में दिन का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लुधियाना, अमृतसर व फिरोजपुर में तापमान 39 डिग्री, पटियाला, जालंधर व मोगा में 38.2 डिग्री, एसबीएस नगर, रूपनगर, पठानकोट, मोहाली में तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

    वहीं, विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को भी पंजाब में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने और कई जिलों में तेज वर्षा और ओलावृष्टि की संभावना है। इसे लेकर विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।