विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 13, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

सोलर लाइट से जगमगाएगा अमृतसर का Golden temple, लग रहा 700 किलोवाट का प्लांट

By Kamlesh BhattEdited By:
Published: Sun, 13 Jun 2021 05:03 PM (IST)Updated: Mon, 14 Jun 2021 07:57 AM (IST)

प्रमुख तीर्थस्थल श्री हरिमंदिर साहिब में 700 किलोवाट का सोलर प्लांट लगाया जा रहा है। जल्द ही परिसर सोलर लाइट ...और पढ़ें

अमृतसर स्थित श्री हरिमंदिर साहिब की फाइल फोटो।
अमृतसर स्थित श्री हरिमंदिर साहिब की फाइल फोटो।

जेएनएन, चंडीगढ़/अमृतसर। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) ने पूर्व में लिए फैसले के अनुसार श्री हरिमंदिर साहिब परिसर में सोलर प्लांट लगाने का अभियान शुरू कर दिया है। इस प्लांट की सेवा यूनाइटेड सिख मिशन अमेरिका की ओर से निभाई जा रही है। सोलर प्लांट के पैनल SGPC की अलग-अलग इमारतों की छतों पर लगाए जाएंगे। इससे SGPC के बिजली संबंधी खर्चों में काफी कमी आएगी। वहीं, एसजीपीसी प्रधान बीबी जगीर कौर ने आरोप लगाया था कि प्रोजेक्ट को पंजाब सरकार मंजूरी नहीं दे रही, लेकिन राज्य सरकार का कहना है कि सोलर प्लांट लगाने में अब कोई रोड़ा नहीं अटकेगा।

मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर ने बिजली विभाग को निर्देश दिए हुए हैं कि प्लांट को मंजूरी देकर प्रोजेक्ट को जल्द सिरे चढ़ाया जाए। शिरोमणि कमेटी की प्रधान बीबी जगीर कौर ने आरोप लगाया है कि प्रोजेक्ट को सरकार मंजूरी नहीं दे रही। जवाब में सरकार की ओर से बताया गया है कि अमेरिका स्थित यूनाइटेड सिख मिशन ने हरमंदिर साहिब से दस किलोमीटर की दूरी पर दो मेगावाट क्षमता वाला सोलर प्लांट लगाने की इजाजत मांगी थी। सरकार को इस पर कोई ऐतराज नहीं है। पावरकाम पहले ही इसके लिए सैद्धांतिक मंजूरी दे चुका है।

पावरकाम के अधिकारियों ने दरबार साहिब तक बिजली पहुंचाने के लिए पावरकाम के मौजूदा ट्रांसमिशन नेटवर्क के इस्तेमाल की पेशकश भी की थी जिसके लिए यूनाइटेड सिख मिशन को पूंजी निवेश की जरूरत नहीं पड़ेगी। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर ने स्पष्ट कर दिया है कि प्रोजेक्ट को चलाने में कोई रुकावट नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वह इस प्रोजेक्ट में सक्रियता से जुड़ें और इसके जल्द पूरा होने को यकीनी बनाएं। मुख्यमंत्री ने यूनाइटेड सिख मिशन और SGPC के संयुक्त प्रोजेक्ट के लिए पूरा समर्थन दिया है।

सोलर प्लांट के पैनल SGPC की अलग-अलग इमारतों की छतों पर लगाए जाएंगे। इससे SGPC के बिजली संबंधी खर्चों में काफी कमी आएगी। पहले चरण में 700 किलोवाट का प्लांट लगाया जा रहा है। जगीर कौर ने बताया कि SGPC की ओर से कमेटी की माता गंगा जी निवास की छत पर सोलर पैनल लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अगर अधिक क्षमता वाले प्लांट लगाने की भी मंजूरी मिलती है तो SGPC और बड़ा प्लांट भी लगाएगी।