Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जालंधर में कांग्रेस के पूर्व मंत्री मोहिंदर सिंह केपी के बेटे की मौत, कपड़ा व्यापारी की कार की टक्कर में गंवाई जान

    Updated: Mon, 15 Sep 2025 08:51 AM (IST)

    जालंधर में बीती रात एक भीषण सड़क हादसे में पूर्व मंत्री मोहिंदर सिंह केपी के बेटे रिची केपी की मृत्यु हो गई। सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि एक तेज़ रफ़्तार क्रेटा कार ने रिची की गाड़ी को टक्कर मारी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार क्रेटा चालक की पहचान कर ली है जो एक कपड़ा व्यापारी है।

    Hero Image
    जालंधर में कपड़ा व्यापारी की कार की टक्कर से पूर्व सांसद केपी के बेटे की मौत। फोटो सोर्स- सोशल मीडिया

    जागरण संवाददाता, जालंधर। यहां शनिवार रात्रि मॉडल टाउन इलाके में हुई भीषण सड़क दुर्घटना में कांग्रेस के पूर्व कैबिनेट मंत्री व पूर्व सांसद मोहिंदर सिंह केपी के बेटे रिची केपी की मौत हो गई। दुर्घटना की सीसीटीवी फुटेज सामने आई है, जिसमें नजर आ रहा है कि 80-90 की रफ्तार से आ रही क्रेटा ने रिची केपी की तेज रफ्तार कार को टक्कर मारी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    टक्कर इतनी भयानक थी कि पास से गुजर रही ग्रैंड विटारा भी चपेट में आ गई और शटर से जा टकराई। फार्च्यूनर में बैठे रिची को गंभीर चोटें आईं और उनकी पटेल अस्पताल में मौत हो गई। दुर्घटना के तुरंत बाद क्रेटा कार चालक अपनी गाड़ी लेकर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि ग्रैंड विटारा में मौजूद विशु कपूर, उनकी पत्नी शैली व सात वर्ष की बेटी राजवी कपूर को भी चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भर्ती करवाया गया है।

    मोहिंदर सिंह केपी के पारिवारिक सदस्यों ने पुलिस पर देर से कार्रवाई करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज व गाड़ी के नंबर की मदद से फरार क्रेटा चालक की पहचान कर ली है। जांच में पता चला है कि क्रेटा कार शेखां बाजार निवासी कपड़ा व्यापारी गुरशरण सिंह प्रिंस के नाम पर रजिस्टर्ड है। दुर्घटना के समय गुरशरण सिंह प्रिंस अपनी पत्नी व बेटी के साथ कार चला रहा था।

    दुर्घटना के तुरंत बाद वह कार लेकर फरार हो गया। उसने कार जीटीबी नगर में एक धार्मिक स्थल की पार्किंग में छोड़ दी। सुबह जब उसे रिची केपी की मौत की खबर मिली तो उसने वहां से गाड़ी निकाल ली। प्रिंस परिवार के साथ फरार है। पुलिस ने क्रेटा कार के नंबर पर एफआइआर दर्ज की है। केपी के पारिवारिक सदस्य अमरीक सिंह ने बताया कि यह दुर्घटना देर रात साढ़े 10 से 11 बजे के बीच हुई।

    थाना छह घटनास्थल से मात्र 500 मीटर की दूरी पर है लेकिन वहां के एसएचओ चार घंटे लेट ढाई बजे घटनास्थल पहुंचे। अमरीक सिंह ने बताया कि दुर्घटना की जानकारी सबसे पहले घर के नौकर हरि को रिची के दोस्त ने फोन पर दी। सूचना मिलते ही मोहिंदर सिंह केपी खुद परिवार के साथ मौके पर पहुंचे और वहां मौजूद लोगों की मदद से रिची को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।

    उन्होंने बताया कि रिची की बहन व कुछ नजदीकी रिश्तेदार विदेश में रहते हैं। उनके आने के बाद ही अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होगी। फरार गुरशरण सिंह प्रिंस अकाली कार्यकर्ता है और शान एंटरप्राइजेज नाम से कपड़े का व्यापार करता है।

    पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपित की तलाश में छापेमारी जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। डीसीपी ने बताया कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी। मोहिंदर सिंह केपी का परिवार इस दुर्घटना के बाद गहरे सदमे में है।