Jalandhar News: शीतल अंगुराल ने भी रमन अरोड़ा पर लगाए थे भ्रष्टाचार के आरोप, पेन ड्राइव में सभी सबूत होने का दावा
जालंधर के सेंट्रल हलके के विधायक रमन अरोड़ा भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे हैं। पूर्व विधायक शीतल अंगुराल ने उन पर वसूली के आरोप लगाए थे और एक पेन ड्राइव में सबूत होने का दावा किया था। अंगुराल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान का आभार व्यक्त किया है और कहा कि जरूरत पड़ने पर वह और सबूत पेश करेंगे।

जागरण संवाददाता, जालंधर। पहली बार सेंट्रल हलके से विधायक बन राजनीति में कदम रखने वाले रमन अरोड़ा को लेकर राजनीतिक गलियारों में कई तरह की कथित चर्चाएं तो होती रहीं, लेकिन कभी कोई मामला खुलकर सामने नहीं आया। अब जब भ्रष्टाचार के सुबूत खुद सरकार के पास पहुंच गए तो सरकार ने अपने ही विधायक पर शिकंजा कसने में देरी नहीं की।
रमन अरोड़ा पर भ्रष्टाचार में संलिप्त होने के आरोप वेस्ट हलके से आप के ही पूर्व विधायक शीतल अंगुराल ने भी लगाए थे। पार्टी छोड़ने के बाद वेस्ट हलके के उपचुनाव के दौरान अंगुराल ने सार्वजनिक मंच पर मीडिया के सामने पेन ड्राइव दिखाकर दावा किया था कि इसमें शहर के एक विधायक के खिलाफ भ्रष्टाचार के सभी सुबूत हैं।
हलके में लॉटरी वालों से की जाने वाली वसूली को लेकर भी अंगुराल ने विधायक अरोड़ा को घेरा था। अंगुराल ने पेन ड्राइव में आडियो रिकार्डिंग होने का दावा भी किया था। शीतल अंगुराल ने कहा कि उन्होंने साल 2024 के जालंधर वेस्ट के विधानसभा उपचुनाव में ही मोर्चा खोल दिया था।
उनके पास सुबूतों की पेन ड्राइव थी। हो सकता है कि विधायक के खिलाफ की जा रही कार्रवाई के पीछे उनके दिए सुबूत भी आधार हों। उन्होंने सीएम भगवंत मान का भी आभार जताया और कहा कि आखिरकार भ्रष्टाचार करने वालों पर एक्शन ले लिया गया है और अगर सरकार को इससे जुड़े और भी सुबूत चाहिए होंगे तो वह उपलब्ध करवाएंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।