Back Image

Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Ro Khanna अमेरिका में पांचवी बार बने सांसद, पंजाब से है पुराना नाता; नाना अमरनाथ बने थे जालंधर के पहले सांसद

    Updated: Thu, 07 Nov 2024 10:14 AM (IST)

    भारतवंशी रो खन्ना (Ro Khanna) ने US Election में कैलिफ़ोर्निया के 17वें डिस्ट्रिक्ट से डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर पांचवीं बार जीत दर्ज की है। उनके नाना अमरनाथ विद्यालंकर पहली लोकसभा में साल 1952-1957 तक जालंधर से सांसद रहे थे। खन्ना पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के कार्यकाल में वाणिज्य मंत्रालय में उप मंत्री का कार्यभार संभाल चुके हैं।

    Hero Image
    प्रतिनिधि सभा के चुनाव में छह भारतवंशियों ने बाजी मारी (तस्वीर- रो खन्ना, फाइल फोटो)

    जागरण संवाददाता, जालंधर। अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रपति पद का चुनाव जीत लिया है। राष्ट्रपति चुनाव के साथ सीनेट की 34 और हाउस आफ रिप्रेजेंटेटिव (प्रतिनिधि सभा) की 435 सीटों के लिए भी चुनाव हुआ। प्रतिनिधि सभा के चुनाव में छह भारतवंशियों ने बाजी मारी, जिनमें एक नाम रो खन्ना का है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रो खन्ना ने कैलिफोर्निया के 17वें डिस्ट्रिक्ट से डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर पांचवीं बार जीत दर्ज की है। रो खन्ना के परिवार की जड़ें जालंधर से भी जुड़ी रही हैं। उनके नाना अमरनाथ विद्यालंकर पहली लोकसभा में 1952-57 तक जालंधर से सांसद रहे थे।

    तीसरी लोकसभा में होशियारपुर सीट और पांचवीं लोकसभा में भी चंडीगढ़ से सांसद रहे थे। पंजाब विधानसभा के चुनाव में भी वह 1957-62 तक विधायक बने और प्रताप सिंह कैरों की सरकार में शिक्षा व लेबर मंत्री रहे थे।

    विद्यालंकर कुछ समय जालंधर में रहे थे। उसके बाद चंडीगढ़ और फिर दिल्ली चले गए थे। जालंधर में वह प्रताप बाग के पास रहते थे। रो खन्ना भारत आ चुके हैं, लेकिन उनका कभी जालंधर आना नहीं हुआ।

    दो बार गए जेल थे अमरनाथ विद्यालंकार

    अमरनाथ विद्यालंकार स्वतंत्रता आंदोलन का हिस्सा रहे थे। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी लाला लाजपत राय के साथ आजादी के संघर्ष में अपना योगदान दिया था। वह दो बार जेल भी गए थे। उन्होंने कई वर्ष जेल में बिताए थे। उनका जन्म पाकिस्तान के सरगोधा जिले के बेरा कस्बे में हुआ था। आजादी के बाद वह भारत आए।

    ये भी पढ़ें: अमेरिकी संसद में बढ़ा भारतवंशियों का दबदबा, भारतीय मूल के 6 सांसदों ने मारी बाजी; पढ़ें किसने कहां से जीता चुनाव

    केमिकल इंजीनियर थे पिता और मां शिक्षक

    रो खन्ना के माता-पिता वर्ष 1970 में अमेरिका चले गए थे। उनके पिता केमिकल इंजीनियर थे, जिन्होंने आइआइटी और फिर मिशिगन यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की। उनकी माता शिक्षक हैं। रो खन्ना का जन्म वर्ष 1976 में अमेरिका के फिलाडेलफिया में हुआ। परिवार में उनकी पत्नी और दो बच्चे हैं। ओबामा के समय उप मंत्री रह चुके हैं खन्ना रो खन्ना पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के कार्यकाल में वाणिज्य मंत्रालय में उप मंत्री का कार्यभार संभाल चुके हैं।

    ये भी पढ़ें: बाइडन का प्रदर्शन भी नहीं दोहरा पाईं कमला हैरिस, 7 स्विंग राज्यों ने बिगाड़ा खेल; कैसे ट्रंप ने मारी बाजी?

    लगातार पांच बार जीता चुनाव

    इस पद पर वह अगस्त 2009 से अगस्त 2011 तक रहे थे। वह पहली बार वर्ष 2016 में अमेरिकी कांग्रेस के लिए चुने गए। उस समय उन्होंने लगातार आठ बार चुनाव जीत चुके माइक होंडा को हराया था। अमेरिका में हर दो साल बाद प्रतिनिधि सभा के सदस्यों का चुनाव होता है। खन्ना अब लगातार पांच बार चुनाव जीत चुके हैं। इस बार उन्होंने अपनी प्रतिद्वंद्वी अनिता चेन को 43 हजार मतों के अंतर से हराया है।