ड्राइविंग के बहाने रूस बुला जबरन सेना में भर्ती किया पंजाबी युवक, जंगलों से भागकर यूक्रेन पहुंचा, अब हुआ लापता
जालंधर का युवक ड्राइविंग का काम करने रूस गया, जहां उसे जबरन सेना में भर्ती कर लिया गया। वह भागकर यूक्रेन पहुंचा है। संत सीचेवाल ने विदेश मंत्री से मदद मांगी है।

परिवार सांसद संत सीचेवाल से सहायता की मांग करता हुआ परिवार व युवक की फाइल फोटो।
HighLights
गुरप्रीत सिंह को रूस में जबरन रूसी सेना में भर्ती किया गया।
वह मारपीट के बाद यूक्रेन भागने में सफल रहे, अब फंसे हैं।
परिवार ने सुरक्षित वापसी के लिए सांसद सीचेवाल से गुहार लगाई।
संवाद सूत्र, शाहकोट /मलसियां। विदेशों में रोजगार की तलाश में जाने वाले पंजाबी नौजवानों के साथ हो रही धोखाधड़ी और उन्हें युद्ध की आग में झोंकने के मामले लगातार गंभीर चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। ऐसा ही एक और दर्दनाक मामला पंजाब के जिला जालंधर के रहने वाले नौजवान गुरप्रीत सिंह रंधावा का सामने आया है।
गुरप्रीत ड्राइविंग का काम करने और अपने परिवार का भविष्य संवारने की उम्मीद लेकर रूस गया था, लेकिन वहां उसके साथ कथित तौर पर मारपीट करके उसे जबरन रूसी सेना में भर्ती कर लिया गया। अपनी जान बचाने के लिए जंगलों में कई दिन भूखे-प्यासे भटकने के बाद वह किसी तरह यूक्रेन पहुंचने में सफल हो गया, लेकिन अब वहां फंसा हुआ है।
इस संबंध में पीड़ित परिवार ने राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल से मुलाकात कर गुरप्रीत सिंह रंधावा की सुरक्षित वापसी के लिए मदद की गुहार लगाई है। संत सीचेवाल ने तुरंत विदेश मंत्री श्री एस. जयशंकर को पत्र लिखकर इस मामले में तत्काल दखल देने और नौजवान को सुरक्षित भारत वापस लाने के लिए जरूरी कदम उठाने की अपील की है।
यह भी पढ़ें- जर्मनी में पंजाब के युवक की हत्या, 10 साल पहले बेहतर भविष्य के लिए छोड़ा था घर
रूस पहुंचते ही छीना भारतीय पासपोर्ट
गुरप्रीत सिंह की बहन जसविंदर कौर ने बताया कि वह अगस्त 2026 के दौरान ड्राइविंग का काम करने और बेहतर भविष्य की उम्मीद में रूस गया था। लेकिन वहां पहुंचते ही उसका पुराना पासपोर्ट और अन्य दस्तावेज कथित तौर पर छीन लिए गए तथा उसे रूस का नया पासपोर्ट दे दिया गया। इसके साथ ही उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया, जिसके कारण परिवार से उसका संपर्क पूरी तरह टूट गया।
कई सप्ताह तक अपने बेटे की कोई खबर न मिलने के कारण परिवार बेहद परेशान रहा। इसी दौरान 11 अक्टूबर को अचानक गुरप्रीत सिंह की परिवार के साथ फोन पर बात हुई। उसने परिवार को बताया कि उसके साथ बुरी तरह मारपीट की गई और उसे जबरन रूसी सेना में भर्ती कर लिया गया है।
उसने अपनी जान को खतरा बताते हुए परिवार को अपनी बेहद दयनीय परिस्थितियों के बारे में जानकारी दी। गुरप्रीत ने परिवार को यह भी बताया कि वह किसी न किसी तरह वहां से भागने की कोशिश करेगा, चाहे आगे जो भी हो।
यूक्रेन पहुंच परिवार से टूटा संपर्क
परिवार के अनुसार, इसके बाद गुरप्रीत किसी तरह रूसी सेना के कब्जे वाले क्षेत्र से निकलकर यूक्रेन पहुंचने में सफल हो गया, लेकिन वहां पहुंचने के बाद उसका दोबारा संपर्क टूट गया। बाद में परिवार को सोशल मीडिया के माध्यम से उसका एक वीडियो मिला, जिसमें वह एक यूट्यूबर के साथ पॉडकास्ट के दौरान अपनी आपबीती सुनाता दिखाई दिया।
इस वीडियो में गुरप्रीत ने बताया कि किस तरह उसने अपनी जान बचाने के लिए तीन-चार दिन जंगलों में भूखे-प्यासे भटकते हुए गुजारे और बेहद कठिन परिस्थितियों में यूक्रेन पहुंचा।
परिवार कर रहा वापसी का इंतजार
गुरप्रीत सिंह के परिवार में उसकी पत्नी, दो छोटे बच्चे और चार बहनें हैं। आज उसके बच्चे अपने पिता की वापसी का इंतजार कर रहे हैं, जबकि पत्नी और बहनें हर पल उसकी सलामती के लिए अरदास कर रही हैं। परिवार हर समय डर के माहौल में जी रहा है और गुरप्रीत की भारत वापसी के लिए मदद की गुहार लगा रहा है।
राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि रोजगार और सुनहरे भविष्य के सपने लेकर विदेश जाने वाले पंजाबी नौजवानों को इस तरह युद्ध की आग में झोंकना बेहद दुखद है। उन्होंने पंजाब के नौजवानों से अपील की कि विदेश जाने की जल्दबाजी और अधिक कमाई के लालच में किसी भी अनजान एजेंट या फर्जी कंपनी के झांसे में न आएं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।