विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 21, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

जालंधर में आप पार्षद देवेंद्र रोनी दो साथियों समेत गिरफ्तार, अवैध रेत खनन के मामले में बड़ी कार्रवाई

By Jagjit SinghEdited By: Pankaj Dwivedi
Published: Fri, 21 Oct 2022 04:51 PM (IST)

जालंधर पुलिस ने आप पार्षद दविंदर सिंह रौनी अमनदीप सिंह और हरजीत सिंह को अवैध खनन में गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

आजाद पार्षद रहे दविंदर सिंह रौनी हाल में आप में शामिल हुए थे।
आजाद पार्षद रहे दविंदर सिंह रौनी हाल में आप में शामिल हुए थे।

जागरण संवाददाता, जालंधर। महानगर से बड़ी खबर आ रही है। आप सरकार में आप के ही पार्षद को अवैध खनन के केस में गिरफ्तार किया गया है। हाल ही में आम आदमी पार्टी में शामिल हुए आजाद पार्षद दविंदर सिंह रौनी सतलुज दरिया माइनिंग के आरोप में गिरफ्तार हो गए हैं।

माइनिंग इंस्पेक्टर ने थाना बिलगा क्षेत्र में उनकी गाड़ी और ट्रैक्टर ट्रॉलियों को घेर लिया। गाड़ी में उनके साथ दो व्यक्ति और सवार थे, जिनके पास रेत से संबंधित पर्चियां थी। रौनी महानगर के वार्ड संख्या 66 गोपाल नगर के पार्षद हैं। वह निर्दलीय चुने गए थे लेकिन कुछ दिन पहले उन्होंने आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया था।

इलाके के लोगों की शिकायत और घेराबंदी के बाद माइनिंग इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे और पुलिस बुलाकर तीनों को गिरफ्तार करवा दिया। गिरफ्तार किए गए लोगों के नाम पार्षद दविंदर सिंह रौनी, अमनदीप सिंह और हरजीत सिंह बताए गए हैं। यह सभी पार्षद की गाड़ी में ही सवार थे पुलिस ने गाड़ी भी जब्त कर ली है। मौके से ट्रैक्टर ट्राली और टिप्पर भी मिले हैं, जो रेत से भरे हुए थे। रौनी की गिरफ्तारी को लेकर और विवरण जुटाया जा रहा है।

अपने मंत्री पर भी कार्रवाई कर चुकी मान सरकार

पंजाब सरकार इससे पहले भी अपनी ही पार्टी के मंत्री पर कार्रवाई करके सबको चौंका चुकी है। मानसा के विधायक विजय सिंगला को पहली कैबिनेट में स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया था। हालांकि सरकार गठन के कुछ दिन बाद ही उन्हें मंत्रिमंडल से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था।

विजय सिंगला पर स्वास्थ्य विभाग से जुड़े टेंडर में कमीशन मांगने के आरोप लगे थे। मामले को लेकर उन्हें जेल तक जाना पड़ा था। ऐसे में अब अपनी ही पार्टी के पार्षद पर कार्रवाई करके सरकार कहीं न कहीं स्पष्ट संकेत दे रही है कि भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।