Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Punjab Election 2022: ये हैं पंजाब की पांच प्रमुख खास सीट, दिग्गजों की प्रतिष्ठा लगी है दांव पर

    By Kamlesh BhattEdited By:
    Updated: Wed, 09 Feb 2022 09:15 AM (IST)

    Punjab Hot Seats पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 20 फरवरी को होना है। प्रत्याशियों ने जीत के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। राज्य की पांच प्रमुख सीट ...और पढ़ें

    Hero Image
    प्रकाश सिंह बादल, चरणजीत सिंह चन्नी, कैप्टन अमरिंदर, भगवंत मान, सुखबीर बादल, नवजोत सिद्धू व बिक्रम मजीठिया की फाइल फोटो।

    जेएनएन, जालंधर। पंजाब विधानसभा चुनाव में इस बार मुकाबला रोचक है। पहली बार अकाली दल भाजपा से अलग चुनाव लड़ रहा है। अकाली दल बसपा के साथ गठबंधन में है तो भाजपा कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस व ढींडसा की पार्टी के साथ गठबंधन में है। कांग्रेस व आम आदमी पार्टी अकेले ही चुनाव मैदान में हैं। किसानों का संगठन संयुक्त किसान मोर्चा भी चुनाव लड़ रहा है। आइए राज्य की प्रमुख हाट सीट पर नजर डालते हैं...

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    लंबी विधानसभा सीट: पंजाब के पांच बार सीएम रह चुके प्रकाश सिंह बादल भी 95 की उम्र में भी चुनाव मैदान में हैं। वह फिर लंबी से किस्मत आजमा रहे हैं। बादल देश के सबसे वयोवृद्ध नेताओं में शामिल हैं। संभवतः वह पंजाब में अब तक के सबसे वयोवृद्ध प्रत्याशी हैं। आप ने गुरमीत खुडि्डयां और कांग्रेस ने यहां से जगपाल सिंह अबुलखुराना को चुनाव मैदान में उतारा है। इस सीट से 7 उम्मीदवार मैदान में हैं।

    अमृतसर ईस्ट : यहां से 10 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। पंजाब कांग्रेस चीफ नवजोत सिंह सिद्धू और अकाली दल के नेता बिक्रम मजीठिया के चुनाव लड़ने की वजह से यह सीट चर्चा में है। यहां भाजपा गठबंधन ने जगमोहन सिंह राजू को कंडीडेट ने बनाया है। राजू तमिलनाडु कैडर के आइएएस थे। कुछ दिन पहले ही उन्होंने वीआरएस लेकर राजनीति में एंट्री की है। यह सीट सिद्धू व मजीठिया के आमने-सामने होने का कारण चर्चा में है। दोनों नेता अब तक कोई भी विधानसभा चुनाव नहीं हारे हैं। लेकिन, इस बार किसी न किसी को हार का मुंह देखना पड़ेगा। हालांकि भाजपा प्रत्याशी जगमोहन सिंह राजू भी मुकाबले को त्रिकोणीय बनाते नजर आ रहे हैं। इस सीट पर हिंदू वोट काफी हैं।

    चमकौर साहिब : मुख्यमंत्री व कांग्रेस के सीएम फेस चरणजीत सिंह चन्नी इस बार दो विधानसभा सीटों से किस्मत आजमा रहे हैं। अभी वह चमकौर साहिब विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में हैं। इस सीट से 9 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने यहां से चरणजीत सिंह और अकाली दल-बसपा गठबंधन ने हरमोहन सिंह को टिकट दिया है। दोनों उम्मीदवार चन्नी को कड़ी टक्कर देते नजर आ रहे हैं। चमकौर साहिब सीट पर सीएम चन्नी को जीत हासिल करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी होगी। इसके अलावा चन्नी भदौड़ से भी चुनाव मैदान में हैं। यहां से 13 उम्मीदवार मैदान में हैं। आम आदमी पार्टी ने यहां से लाभ सिंह उघोके और अकाली दल ने सतनाम सिंह राही को टिकट दिया है। यह सुरक्षित सीट है। चन्नी पहली बार यहां से चुनाव लड़ रहे हैं। यहां भी उन्हें जीत के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी।

    पटियाला अर्बन : यहां से पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। यहां कुल 17 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। आप ने पूर्व मेयर अजीतपाल कोहली और कांग्रेस ने पूर्व मेयर विष्णु शर्मा को यहां से टिकट दिया है। कांग्रेस से अलग होने के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपनी पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी बनाई है। कैप्टन की पार्टी का भाजपा के साथ गठबंधन है। इस बार का चुनाव कैप्टन अमरिंदर सिंह के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न है। यह चुनाव उनकी भविष्य की राजनीति को तय करेगा। 

    जलालाबाद : यहां से 15 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। जलालाबाद से अकाली-बसपा गठजोड़ के सीएम चेहरे सुखबीर बादल चुनाव मैदान में हैं। कांग्रेस ने मोहन सिंह फलियांवाल और आम आदमी पार्टी ने जगदीप कंबोज को टिकट दिया है।

    धूरी : यहां से आम आदमी पार्टी के सीएम चेहरे भगवंत मान चुनाव लड़ रहे हैं। यहां से कुल 12 उम्मीदवार मैदान में हैं। अकाली दल ने प्रकाश चंद गर्ग और कांग्रेस ने दलवीर सिंह गोल्डी को टिकट दिया है।