यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 08, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Tokyo Olympics: नीरज चोपड़ा ने 3 महीने किया था जालंधर में अभ्यास, स्पोर्ट्स कॉलेज की खराब सुविधाएं देख पड़ा था लौटना
टोक्यो ओलिंपिक में भाला फेंक में स्वर्ण जीतने वाले नीरज चोपड़ा का जालंधर से भी नाता रहा है। वर्ष 2012 ...और पढ़ें

कमल किशोर, जालंधर। Tokyo Olympics 2020 Javelin Throw Olympic Gold Neeraj Chopra टोक्यो ओलिंपिक में भाला फेंक में नीरज चोपड़ा ने स्वर्ण पदक पर कब्जा करके देश को एथलेटिक्स में पहला गोल्ड दिलाया है। चैंपियन नीरज का जालंधर से भी नाता रहा है। वर्ष 2012 में नीरज चोपड़ा ने स्पोर्ट्स कालेज के एथलेटिक्स मैदान में तीन माह अभ्यास भी किया था। इस दौरान पंजाब पुलिस के कोच गुरदीप सिंह बाबा ने उन्हें ट्रेनिंग दी थी। स्पोर्ट्स कालेज का इंफ्रास्ट्रक्चर खराब होने के कारण नीरज जालंधर से चले गए थे। आज भी ट्रैक की हालत खराब ही है। जिला खेल विभाग के सीनियर एथलेटिक्स कोच सर्बजीत सिंह हैप्पी ने कहा कि मार्च में पटियाला में फेडरेशन कप के दौरान नीरज चोपड़ा से बातचीत हुई थी। वह सरल व विनम्र स्वभाव के हैं। वह हर कोच के पैर छूकर आशीर्वाद लेते हैं। आज नीरज ने करोड़ों भारतीयों की उम्मीद को पूरा कर दिया है।
जालंधर में स्पोर्ट्स कॉलेज का एथलेटिक्स ट्रैक बदहाल
.jpg)
एक तरफ जहां टोक्यो ओलिंपिक में भारतीय दल की सफलता की खुशियां मना रहा है तो दूसरी तरफ जालंधर के स्पोर्ट्स कॉलेज का एथलेटिक्स ट्रैक उभरते खिलाड़ियों का मुंह चिढ़ा रहा है। कई वर्षों से इसकी हालत खस्ता है। यह जगह-जगह से उखड़ गया है। पिछले दिनों हुई बारिश में ट्रैक पर पानी भर गया है। इस कारण इस पर अब चलना भी दूभर है। ऐसे में जालंधर से भविष्य के खिलाड़ी कैसे निकलेंगे, इसका जवाब प्रशासनिक अधिकारियों को देना होगा।
LPU से बीए कर रहे हैं नीरज चोपड़ा
नीरज चोपड़ा लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में बीए की पढ़ाई कर रहे हैं। कोविड-19 के कारण वह परिसर में नहीं पहुंचे, लेकिन आनलाइन कक्षाओं का हिस्सा लेते रहे हैं। वहीं ओलिंपिक में कांस्य पदक जीतने वाले पहलवान बजरंग पूनिया एमए लोक प्रशासन की पढ़ाई कर रहे हैं। वह यूनिवर्सिटी में कक्षाएं भी लगा चुके हैं। बजरंग वर्ष 2019 में माडल टाउन में एक शू शोरूम के उद्घाटन समारोह में भी पहुंचे थे। तब उन्होंने कहा था कि ओलिंपिक में पदक जीतना ही लक्ष्य है।
एलपीयू में जश्न का माहौल
भारतीय हाकी टीम के कांस्य पदक जीतने पर एलपीयू में शुक्रवार को जश्न मनाया गया था। शनिवार को भी नीरज चोपड़ा के स्वर्ण व बजरंग पुनिया के कांस्य पदक जीतने पर जश्न का माहौल रहा। जीत पर चेयरमैन रमेश मित्तल, चांसलर अशोक मित्तल, प्रो चांसलर रश्मि मित्तल व स्टाफ खूब डांस किया। चांसलर अशोक मित्तल ने कहा कि ओलिंपिक में यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। उनकी जीत सभी भारतीयों के लिए एक स्वर्णिम क्षण है। विजेता खिलाड़ियों को यूनिवर्सिटी सम्मानित करने के लिए उत्सुक है। विजेता खिलाड़ियों को प्रबंधन नकद राशि से पुरस्कृत करेगा। यूनिवर्सिटी देश को बेहतर खिलाड़ी दे रही है।
