नगर निगम चुनाव: जालंधर-पटियाला में AAP का जलवा, कांग्रेस के हाथ अमृतसर व फगवाड़ा; लुधियाना में फंसा पेच
पंजाब नगर निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी ने जलंधर और पटियाला नगर निगम पर जीत हासिल की है। वहीं अमृतसर में कांग्रेस ने बाजी मारी है। फगवाड़ा में कांग्रेस सबसे आगे है लेकिन बहुमत के लिए उसे अभी चार सीटों की आवश्यकता है। लुधियाना नगर निगम चुनाव परिणाम को लेकर अभी तक असमंजस की स्थिति बनी हुई है। बीजेपी का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा।

जागरण संवाददाता, जालंधर। पंजाब में प्रतिष्ठा का प्रश्न बने निकाय चुनाव के लिए शनिवार को मतदान हुआ। पांच नगर निगमों व 43 नगर काउंसिलों व नगर पंचायतों में पहली बार चुनाव लड़ी सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी जालंधर व पटियाला नगर निगम जीतने में सफल रही।
अमृतसर में कांग्रेस ने विजय प्राप्त की। फगवाड़ा में कांग्रेस सबसे आगे रही परंतु बहुमत के लिए उसे अभी चार सीटों की आवश्यकता है। यहां उसकी सहयोगी पार्टी बसपा को तीन सीटें मिलीं। लुधियाना नगर निगम चुनाव परिणाम को लेकर खबर लिखे जाने तक असमंजस की स्थिति बनी रही।
लुधियाना में विजयी घोषित प्रत्याशियों के नामों पर विपक्षी दलों के आपत्ति जताने पर चुनाव परिणाम में पेच फंस गया है। वैसे अब तक मतगणना में आप आगे है परंतु उस बहुमत नहीं मिला है। अमृतसर में सभी 85 वार्डों के परिणाम घोषित हो चुके हैं। यहां कांग्रेस को सबसे अधिक 43, आप 24, भाजपा नौ, शिरोमणि अकाली दल चार व आजाद प्रत्याशी पांच वार्डों में विजयी घोषित हुए हैं।
कांग्रेस ने बहुमत के जादुई अंक छू लिया
कांग्रेस ने बहुमत के जादुई अंक 43 छू लिया है। फगवाड़ा में 50 वार्डों में से कांग्रेस 22, आप 12, भाजपा चार, बसपा तीन, शिअद तीन व आजाद प्रत्याशी छह वार्डों में जीते। मतदान के दौरान राजनीतिक दलों के नेताओं व कार्यकर्ताओं में कई स्थानों पर भिड़ंत हुई।
विपक्षी दलों ने मतदान में धांधली के आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। पटियाला में आप व भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर बरसाए। एक पत्थर वार्ड नंबर 34 से भाजपा प्रत्याशी अनुज खोसला के सिर पर लगा जिससे वह घायल हो गए। वार्ड नंबर 34 से भाजपा प्रत्याशी सुशील नय्यर आप पर धक्केशाही व जाली वोट डलवाने का आरोप लगाते हुए पेट्रोल की बोतल लेकर छत पर चढ़ गए।
धक्केशाही का लगाया आरोप
वार्ड नंबर 11 से शिअद प्रत्याशी के पति सुखमिंदर पाल सिंह मिंटा भी धक्केशाही का आरोप लगाते हुए टंकी पर चढ़ गए। पुलिस ने दोनों को सुरक्षित नीचे उतारा। वार्ड 15 में आपसी टकराव के चलते कई गाड़ियों को तोड़ दिया गया।
भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष जय इंदर कौर ने समाना हलके के विधायक चेतन सिंह जोड़ामाजरा व घनौर हलके के विधायक गुरलाल सिंह के खिलाफ चुनाव आयोग से शिकायत की है। शिकायत में कहा कि मतदान के समय शहर से बाहर के मतदाता प्रवेश नहीं कर सकते परंतु समाना व घनौर के विधायकों ने वार्ड 40 में पहुंचकर आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन किया है।
आप के खाते से निकला अमृतसर
अमृतसर नगर निगम चुनाव में वार्ड नंबर 8 से आजाद उम्मीदवार नताशा गिल पर धक्केशाही के आरोप लगाते हुए गांव माहल में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने धरना दिया। आजाद सहित कांग्रेस, भाजपा व आम आदमी पार्टी के समर्थक मौके पर इकट्ठे हो गए और नारेबाजी शुरू कर दी।
आप प्रत्याशी मनमीत कौर ने बताया कि वह दो नंबर बूथ पर वोटरों के साथ खड़ी थीं, जहां अचानक आजाद उम्मीदवार नताशा वहां पहुंच गईं तथा उन्हें थप्पड़ जड़ दिया। कांग्रेस नेता संदीप कुमार ने बताया कि नताशा ने आप उम्मीदवार से बदतमीजी की। एसीपी शिवा दर्शन ने प्रदर्शनकारियों को शांत करवाते हुए भरोसा दिया कि वह गांव में किसी तरह की गुंडागर्दी नहीं होने देंगे।
वहीं आजाद उम्मीदवार ने आप उम्मीदवार मनमीत कौर द्वारा उन पर लगाए आरोपों को बेबुनियाद बताया है। अमलोह नगर कौंसिल चुनाव के दौरान हंगामा व मारपीट हुई। अमलोह के विधायक गैरी वड़िंग के भाई पर मारपीट का आरोप लगा है जबकि विधायक ने इसे विपक्षी दलों की शरारत बताया है।
पुलिस से हुई झड़प में हल्का विधायक वडिंग के पीए व दफ्तर इंचार्ज को पुलिस द्वारा खदेड़े जाने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ। इसके चलते विधायक व सत्ता पक्ष के खिलाफ कांग्रेस समर्थकों ने नारेबाजी भी की।
आप व कांग्रेस विधायकों की पत्नियां हारीं
लुधियाना में चुनाव परिणाम सत्तारूढ़ आप विधायकों के लिए अच्छे नहीं रहे। आप विधायक अशोक पराशर व गुरप्रीत गोगी की पत्नियां चुना हार गईं। इस साथ ही, कांग्रेस विधायक एवं पार्टी के पूर्व कार्यकारी प्रधान भारत भूषण की पत्नी भी चुनाव जीतने में विफल रहीं। आप के लिए सुखद यह रहा कि विधायक मदन लाल बग्गा के बेटे अमन बग्गा चुनाव जीत गए।
पूर्व मेयर व पत्नी दोनों हारे
जालंधर में कांग्रेस के पूर्व मेयर और इस बार आप की टिकट पर चुनाव लड़े जगदीश राजा व उनकी पूर्व डिप्टी मेयर पत्नी अनीता राजा चुनाव हारे गए। इसी प्रकार भाजपा के पूर्व विधायक शीतल अंगुराल के भाई राजन अंगुराल भी चुनाव हार गए। कांग्रेस के पूर्व विधायक एवं जालंधर शहरी प्रधान राजेंद्र बेरी की पत्नी उमा बेरी चुनाव जीतने में सफल रहीं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।