Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दुनिया के सबसे उम्रदराज मैराथन धावक फौजा सिंह का सड़क हादसे में निधन, तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर

    Updated: Mon, 14 Jul 2025 10:54 PM (IST)

    जालंधर में दुनिया के सबसे उम्रदराज मैराथन धावक फौजा सिंह का सोमवार शाम को एक सड़क हादसे में घायल होने के बाद निधन हो गया। 114 वर्षीय फौजा सिंह पठानकोट-जालंधर नेशनल हाईवे के किनारे सैर कर रहे थे तभी एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।

    Hero Image
    सड़क हादसे में फौजा सिंह की मौत (फोटो- इंटरनेट)

    जागरण संवाददाता, जालंधर। दुनिया के सबसे उम्रदराज मैराथन धावक फौजा सिंह का सोमवार शाम को सड़क हादसे में घायल होने के बाद अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वे 114 वर्ष के थे। बताया जा रहा है कि फौजा सिंह सोमवार दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे अपने गांव ब्यास पिंड के पास पठानकोट-जालंधर नेशनल हाईवे के किनारे सैर करने निकले थे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सैर करने के दौरान वह सड़क पार कर दूसरी ओर जाने लगे इस दौरान एक तेज रफ्तार कार चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर मारने वाला चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। ब्यास पिंड के ही कुछ युवकों ने फौजा सिंह को सड़क किनारे घायल अवस्था में पाया और उन्हें उपचार के लिए जालंधर के श्रीमन अस्पताल ले गए। वहां पर उपचार के दौरान शाम करीब साढ़े छह बजे उनका निधन हो गया।

    ब्यास पिंड के पंचायत सदस्य गुरप्रीत सिंह ने बताया कि वह दोपहर करीब साढ़े तीन बजे गांव से कार लेकर जालंधर जाने के लिए निकले थे। गांव के एंट्री प्वाइंट पर पहुंचते ही उन्होंने देखा कि फौजा सिंह बीच सड़क में गिरे थे।

    गांव के दो से तीन युवक उन्हें उठाने का प्रयास कर रहे थे। वह भी कार रोककर उनकी मदद के लिए पहुंच गए। फौजा सिंह को सिर में काफी चोटें आई थीं और खून भी बह रहा था। वह और बाकी युवक उन्हें उसी समय अपनी कार में बिठाकर श्रीमन अस्पताल ले गए। उस समय तक वह ठीक थे। बात भी कर रहे थे।

    डॉक्टरों ने उन्हें एडमिट कर उपचार शुरू कर दिया। इस दौरान एक्स-रे करवाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि उनकी बाईं ओर की पसलियां टूट गई हैं। रीढ़ में भी गहरी चोट आई है। बीच सड़क में गिरने के कारण सिर में एक जगह काफी चोट आई थी। डॉक्टर वहां टांके लगाने की बात भी कर रहे थे।

    गुरप्रीत ने बताया कि अस्पताल में भी फौजा सिंह डॉक्टरों की बात का जवाब दे रहे थे। डॉक्टरों का कहना था कि उन्हें कुछ दिन अस्पताल में रखेंगे और वह ठीक हो जाएंगे। करीब दो घंटे अस्पताल में रहने के बाद वह वापस गांव लौट आए। शाम करीब साढ़े छह बजे पता चला कि फौजा सिंह का निधन हो गया। फौजा सिंह गांव की शान थे।

    तेज रफ्तार थी कार, टक्कर मारने के बाद फरार हो गया चालक

    प्रत्यक्षदशियों के अनुसार जिस कार ने फौजा सिंह को टक्कर मारी उसकी रफ्तार काफी तेज थी। कार की टक्कर से फौजा सिंह पांच से छह फीट हवा में उछले और उसके बाद सड़क पर गिरे। सड़क पर गिरने के कारण सिर पर गहरी चोटें आई थीं।

    चाय पीकर निकले थे घर से

    फौजा सिंह के पारिवारिक सदस्यों ने बताया कि वह घर पर चाय पीकर सैर करने के लिए निकले थे। उनका घर नेशनल हाईवे के किनारे पर ही है। सड़क की दूसरी ओर भी उनकी जमीन है। वहां उन्होंने कुछ जमीन एक ढाबे वाले को किराये पर दे रखी थी। वह अक्सर सैर करने के दौरान सड़क पार कर ढाबे वाले के पास भी चक्कर लगाते थे।

    comedy show banner
    comedy show banner