मानसा में परविंदर झोटा की हत्या के बाद जालंधर पुलिस एक्शन में, केमिस्ट शॉप में रेड, बरामद की नशीली गोलियां
जालंधर में मेडिकल स्टोर की आड़ में प्रतिबंधित नशीली दवाइयां बेचने के आरोप में पुलिस ने फर्जी ग्राहक भेजकर छापेमारी की और बाप-बेटे को गिरफ्तार कर लिया।
HighLights
जालंधर में मेडिकल स्टोर पर नशीली दवाओं की बिक्री।
बाप-बेटे को 100 से अधिक गोलियों के साथ पकड़ा।
दुकान का लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश की गई।
जागरण संवाददाता, जालंधर। मानसा में परविंदर सिंह झोटा की हत्या के बाद जालंधर के बस्ती बावा खेल अड्डा के पास मेडिकल स्टोर की आड़ में प्रतिबंधित नशीली दवाइयां बेचने के आरोप में पुलिस ने बाप-बेटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार सुबह दो मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी की।
इस दौरान दुकान और संचालक के घर की तलाशी में 100 से अधिक प्रतिबंधित नशीली गोलियां बरामद की गईं। बताया जा रहा है कि आरोपित पहले भी नशीली दवाइयां बेचने के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद उसने दोबारा यह धंधा शुरू कर दिया था।
यह भी पढ़ें- पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या, कैमरे में कैद हुई वारदात
फर्जी ग्राहक भेजकर की कार्रवाई
एसीपी आतिश भाटिया, थाना प्रभारी संजीव सूरी और ड्रग इंस्पेक्टर अमित बंसल की अगुवाई में टीम ने बस्ती बावा खेल अड्डा स्थित आनंद मेडिकल स्टोर और प्रभजोत मेडिकल स्टोर पर रेड की। पुलिस को सूचना मिली थी कि यहां अवैध रूप से नशीली दवाइयां बेची जा रही हैं।
एसीपी आतिश भाटिया ने बताया कि सूचना की पुष्टि करने के लिए पहले एक फर्जी ग्राहक को दुकान पर भेजा गया। उसने एक हजार रुपये की नशीली दवाइयां खरीदीं। इसके बाद पुलिस और ड्रग विभाग की टीम ने तुरंत छापेमारी कर दी।
यह भी पढ़ें- परविंदर झोटा हत्या के बाद CM मान ने बुलाई हाई लेवल मीटिंग, सभी जिलों के SSP, SDM और DCP से करेंगे बैठक
स्ट्रिप से निकालकर डिब्बे में रखते थे गोलियां
जांच के दौरान सामने आया कि नशीली गोलियों को उनके मूल पत्तों से निकालकर अलग डिब्बे में खुला रखा जाता था। आरोप है कि इस तरीके से गोलियां बेचकर संदेह से बचने की कोशिश की जाती थी। इसके बाद टीम ने मेडिकल स्टोर संचालक आनंद के घर पर भी तलाशी ली और बाप-बेटे को गिरफ्तार कर लिया।
लाइसेंस रद करने की सिफारिश
एसीपी आतिश संबंधित मेडिकल स्टोर पर पहले भी नशीली दवाइयां बेचने के आरोप में कार्रवाई हो चुकी है। आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, लेकिन जमानत पर रिहा होने के बाद उसने फिर से कथित अवैध कारोबार शुरू कर दिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए ड्रग विभाग को मेडिकल स्टोर का लाइसेंस रद करने के लिए पत्र लिखा जा रहा है। दुकान को सील करने की कानूनी प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पुलिस अन्य संभावित ठिकानों पर भी छापेमारी कर रही है।
