जालंधर में मां-बेटी पर चाकू से वार, भाग रहे हमलावर को लोगों ने दबोचा; मुंह से झाग निकलने के बाद मौत
एक रिहायशी इलाके में घर में घुसकर मां-बेटी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना के बाद भाग रहे हमलावर युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई।
HighLights
जालंधर में मां-बेटी पर चाकू से जानलेवा हमला।
लोगों ने हमलावर को पकड़ा, तबीयत बिगड़ने से मौत।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू की, कारण अज्ञात।
जागरण संवाददाता, जालंधर। पंजाब के जालंधर में मकसूदां के पास सुरानस्सी रोड स्थित आनंद नगर में एक युवक ने घर में मौजूद मां-बेटी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। वहीं, लोगों ने आरोपी युवक को पकड़ लिया।
इस दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसके मुंह से झाग निकलने लगी। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर एक की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घायलों की पहचान सिमरन और उनकी बेटी मनप्रीत के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि सिमरन के पति की पहले ही मौत हो चुकी है और मां-बेटी काफी समय से आनंद नगर में रह रही थीं। हमले के बाद दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें- अमित शाह का पंजाब दौरा LIVE: गुरदासपुर में विक्रमजीत के परिवार से मिले, मानसा में परविंदर झोटा के घर भी जाएंगे
हमले के कारणों का नहीं चला पता
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक युवक ने मां-बेटी पर चाकू से हमला किया था। हालांकि, उसने दोनों पर हमला क्यों किया और वारदात के पीछे क्या कारण था, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। लोगों ने युवक को पकड़ा तो उसके मुंह से झाग निकलने लगी। इसके बाद उसकी मौत हो गई। उसकी मौत के कारणों का भी फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
पार्षद ने मौके पर पहुंचकर ली जानकारी
घटना की सूचना मिलने पर पार्षद नीरज जस्सल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मां-बेटी काफी समय से इलाके में रह रही थीं। हालांकि, उन्हें घटना के संबंध में फिलहाल कोई अन्य जानकारी नहीं है। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस की जांच और युवक की मौत के कारणों का पता चलने के बाद ही वारदात से जुड़ी पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़ें- फतेहगढ़ साहिब में तड़के मैरिज पैलेस में लगी भीषण आग, करोड़ों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह हुआ खाक
मुझे से आया बताया जा रहा युवक
पार्षद जस्सल ने बताया कि हमला करने वाली युवक के घर वालों ने बताया कि वह कुछ समय पहले ही विदेश से आया है। उसने यह हमला क्यों किया यह अभी किसी को नहीं पता। यहां तक की उसके परिवार वालों को भी नहीं पता है कि हुआ क्या था।
