जालंधर में नहीं रुक रहा पराली जलाने का सिलसिला, अब शाहकोट में खेत में लगाई अाग
पुलिस ने थाना शाहकोट में किसान मुख्तियार सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। किसान पर जिला मजिस्ट्रेट के आदेश के उल्लंघन का आरोप है। जिले में अभी तक पराली जलाने के करीब आधा दर्जन केस दर्ज हो चुके हैं।

जालंधर, जेएनएन। प्रशासन की सख्ती बरतने के दावों के बावजूद जिले में खेतों में पराली जलाई जा रही है। ताजा मामला शाहकोट में सामने आया है। यहां धान की कटाई के बाद किसान ने खेत में ही पराली को आग लगा दी। पुलिस ने मौके का जायजा लेकर किसान के खिलाफ जिला मजिस्ट्रेट के आदेश के उल्लंघन का केस दर्ज कर लिया है। जिले में अभी तक पराली जलाने के करीब आधा दर्जन केस दर्ज हो चुके हैं।
थाना शाहकोट के हेड कांस्टेबल सुखविंदर ने बताया कि वह पुलिस टीम के साथ सलैचा पुल के नजदीक निजी वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें खबर मिली कि शाहकोट के गांव पूनीया के रहने वाले किसान मुख्तियार सिंह ने धान की कटाई के बाद पराली को आग लगा दी है। वह मौके पर पहुंचे तो देख कि वहां खेत में पराली जलाई गई थी। इस बाबत पुलिस ने थाना शाहकोट में किसान मुख्तियार सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
डीसी ने लगाई है पराली जलाने पर पाबंदी
पराली जलाने पर जिला मजिस्ट्रेट की तरफ से आदेश जारी करके रोक लगाई गई है। इससे पर्यावरण को होने वाले नुकसान के साथ-साथ सड़क हादसों की भी आशंका रहती है। कोरोना वायरस संक्रमण के कारण स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भी पराली के धुएं से मरीजों को परेशानी होने की आशंका जताई है। पराली जलाने से हवा प्रदूषित हो जाती है जिससे मरीजों को सांस लेने में तकलीफ होने लगती है। इसे देखते हुए इस बार प्रशासन सख्ती बरत रहा है।
डीसी ने दिए हैं तुरंत एफआईआर, भारी जुर्माना लगाने और कंबाइन जब्त करने के आदेश
पराली जलाने से होने वाले नुकसान को देखते हुए डीसी घनश्याम थोरी ने सिविल व पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को आदेश दिए हैं कि ऐसे किसानों के खिलाफ तुरंत केस दर्ज कर भारी जुर्माना लगाया जाए। उनकी कंबाइन जब्त करने के साथ जमीन के रिकॉर्ड में भी रेड एंट्री की जाए ताकि आगे से ऐसे किसानों को सरकारी स्कीमों का लाभ न मिल सके।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।