पाकिस्तान से जाली करंसी व नशा मंगवाने वाला तस्कर तारी जालंधर में गिरफ्तार, कश्मीर का स्मगलर बिलाल भी दबोचा
पुलिस जांच में सामने आया कि जगतार सिंह तारी और उसका साथी एक हफ्ते पहले 2 क्विंटल पोस्त कुलागाम के बिलाल अहमद से लाए थे। सिर्फ 52 किलो पोस्त ही बचा था बाकी उन्होंने सप्लाई कर दिया। तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर दिया।

संवाद सहयोगी, जालंधर। देहात क्राइम ब्रांच की टीम ने पाकिस्तान से नशा और जाली करंसी की तस्करी करने वाले सजायाफ्ता कुख्यात तस्कर नकोदर के बिल्ली चाऊ निवासी जगतार सिंह उर्फ तारी और उसके साथी गुरदयाल सिंह को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही तारी को नशा सप्लाई करने वाले कश्मीर के कुलगाम में रहने वाले नामी नशा तस्कर बिलाल अहमद भट्ट को भी गिरफ्तार किया। उनके पास से 52 किलो चूरा पोस्त, सात मोबाइल फोन, एक डोंगल और एक स्विफ्ट गाड़ी बरामद हुई।
एसपी इन्वेस्टिगेशन सरबजीत सिंह बाहिया ने बताया कि क्राइम ब्रांच के सब इंस्पेक्टर निर्मल सिंह ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव पंधेरा के पास नाकाबंदी की थी। इस दौरान स्विफ्ट गाड़ी से 52 किलो चूरा पोस्त मिला। गाड़ी को जगतार चला रहा था और उसके साथ गुरदयाल था।
जांच में सामने आया कि दोनों एक हफ्ते पहले 2 क्विंटल पोस्त बिलाल अहमद से लाए थे। सिर्फ 52 किलो पोस्त ही बचा था, बाकी उन्होंने सप्लाई कर दिया। क्राइम ब्रांच इंचार्ज कोतवाली ने कश्मीर के कुलगाम में छापेमारी कर बिलाल अहमद भट्ट को भी गिरफ्तार कर लिया। तीनों को दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।
पाकिस्तान से लाता था जाली करंसी और हेरोइन
तारी कई सालों से नशा तस्करी कर रहा है। उसके संबंध पाकिस्तान में बैठे कई नशा तस्करों से थे। पाकिस्तानी तस्करों से पंजाब में जाली करंसी और हेरोइन लेकर आता था और अलग-अलग शहरों में सप्लाई करता था। जाली करंसी हेरोइन के कई मामलों में उसे कैद की सजा भी हो चुकी है। वह पैरोल जंपर है। दो साल पहले वह छुट्टी पर आया था लेकिन वापस नहीं किया।
टोकन मनी पहले देते थे बिलाल को, बाद में आता था नशा
एसपी दहिया ने बताया कि तारी और गुरदयाल सारा नशा बिलाल अहमद से लाते थे। पहले उसे टोकन मनी देते थे, फिर बिलाल अहमद तारीख और जगह बताता था। इसके बाद निश्चित जगह पर जाकर तारी नशा ले आता और बाकी पैसे बिलाल अहमद भट्ट की बताई जगह पर भेज देते। बिलाल अहमद भट्ट के संबंध पंजाब के कई बड़े नशा तस्करों से थे, जिनकी पड़ताल की जा रही है।
- तारी को छह मामलों में हो चुकी है सजा
- थाना नकोदर में 15 लाख से ज्यादा जाली करंसी के साथ पकड़े जाने पर पांच साल की सजा
- थाना फिल्लौर में 50 लाख के करीब जाली करंसी के साथ पकड़े जाने पर 7 साल कैद।
- थाना लांबड़ा में 1 किलो हेरोइन के साथ पकड़े जाने पर 10 साल की सजा
- नवांशहर में 1 किलो हेरोइन के साथ पकड़े जाने पर 10 साल कैद।
- थाना गोराया में असलहा एक्ट के तहत पकड़े जाने पर मिली सजा भुगत चुका है।
- थाना सुल्तानपुर लोधी में 51 किलो चूरा पोस्त के साथ पकड़े जाने पर 10 साल की कैद।
- थाना नकोदर में पासपोर्ट एक्ट के तहत केस चल रह है। नशा तस्करी के मामले में बरी हो चुका है।
- थाना शाहकोट में 2 हजार रुपये की जाली करंसी, 355 रुपये नेपाली करंसी, 440 बाट, 5370 श्रीलंका करंसी और दो पासपोर्ट के साथ पकड़े जाने पर मामला दर्ज।
- थाना सदर संगरूर में धोखाधड़ी और थाना भोगपुर में 32 किलो पोस्त के साथ पकड़े जाने पर केस।
बिलाल अहमद भट्ट पर दर्ज मामले
आरोपित के खिलाफ थाना सदर कुलगाम, कश्मीर में चोरी धोखाधड़ी, अपहरण, दुष्कर्म और एनडीपीएस के चार मामले दर्ज हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।