विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दो दिन की नवजात को गोद में लेकर स्टेशन पर घूम रहा था नशे में धुत पिता, बच्ची बेचने की सूचना पर GRP ने पकड़ा

Published: Thu, 24 Sep 2026 02:28 PM (IST)

जालंधर रेलवे स्टेशन पर दो दिन की बच्ची को लेकर घूम रहे नशे में धुत व्यक्ति को जीआरपी ने पकड़ा। ...और पढ़ें

परिवार को बच्ची सौंपते हुए पुलिस अधिकारी।

परिवार को बच्ची सौंपते हुए पुलिस अधिकारी।

HighLights

  1. नशे में धुत व्यक्ति नवजात बच्ची के साथ स्टेशन पर मिला।

  2. बच्ची बेचने की सूचना पर GRP ने हिरासत में लिया।

  3. जांच में पता चला बच्ची उसी व्यक्ति की बेटी थी।

जागरण संवाददाता, जालंधर। जालंधर के रेलवे स्टेशन पर दो दिन की नवजात बच्ची को गोद में लेकर शराब के नशे में घूम रहे एक व्यक्ति को राजकीय रेलवे पुलिस ने हिरासत में लिया। पुलिस को फोन पर सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति नवजात बच्ची को बेचने के लिए स्टेशन पर घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्ची को अपने संरक्षण में लेकर उसकी हालत की जांच करवाई।

बाद में पूछताछ में पता चला कि बच्ची को बेचने की बात सही नहीं थी। बच्ची उसी व्यक्ति की बेटी निकली। पुलिस ने बच्ची की हालत को देखते हुए उसे तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। प्राथमिक पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम मनोज कुमार बताया। वह मूल रूप से मुगलसराय, बनारस का रहने वाला है और फिलहाल जगतपुर जट्टा, फगवाड़ा में रह रहा था। मनोज ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है और बच्ची उसकी है।

यह भी पढ़ें- हॉकी मैच देखने जापान जाना चाहते हैं CM मान, केंद्र की मंजूरी का इंतजार; इसी कारण पहले भी अटकी थी विदेश यात्रा

नशे में बच्ची को लेकर घर से निकल गया था

पुलिस जांच में बाद में सामने आया कि मनोज शराब के नशे में बच्ची को लेकर घर से कहीं निकल गया था। उसके इस तरह चले जाने के बाद परिवार में भी चिंता फैल गई। उसकी पत्नी उषा उसे तलाशते हुए गांव पहुंच गई।

राजकीय रेलवे पुलिस के थाना प्रभारी बलबीर सिंह कुमार ने मामले की जानकारी जुटाने के लिए गांव में संपर्क किया। वहां ग्रामीणों ने बताया कि मनोज अक्सर शराब के नशे में हंगामा करता रहता है और उसके व्यवहार से गांव के लोग भी परेशान हैं। ग्रामीणों से बातचीत के बाद पुलिस को बच्ची बेचने की सूचना की पुष्टि नहीं हुई।

ग्रामीणों ने बताया, पशुओं की देखभाल करता है

पुलिस ने मामले की जांच के दौरान गांव के महेंद्र सिंह और हरप्रीत सिंह से भी जानकारी ली। उन्होंने बताया कि मनोज उनके यहां पशुओं की देखभाल करता है। मनोज के पहले से तीन बच्चे भी हैं। ग्रामीणों के अनुसार, शराब के नशे में होने के कारण वह बच्ची को लेकर घर से निकल गया था और उसे यह समझ नहीं थी कि वह कहां जा रहा है।

इस बीच पुलिस की ओर से बच्ची को अस्पताल में भर्ती करवाकर उसकी चिकित्सकीय जांच करवाई गई। बाद में उसकी मां भी अस्पताल पहुंच गई। चिकित्सकों ने जांच के बाद मां और नवजात बच्ची दोनों को स्वस्थ बताया।

यह भी पढ़ें- फिरोजपुर के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल में 30 सितंबर का जिक्र; तलाशी में नहीं मिला संदिग्ध सामान

मां और बच्ची को किया परिवार के हवाले

बच्ची की स्थिति सामान्य होने और परिवार की पहचान की पुष्टि के बाद पुलिस ने आवश्यक पूछताछ की। ग्रामीणों के बयान और जांच के आधार पर पुलिस ने मनोज कुमार, उसकी पत्नी उषा और नवजात बच्ची को उनके परिवार के हवाले कर दिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती सूचना में बच्ची को बेचने की आशंका जताई गई थी, इसलिए मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की गई। जांच के दौरान बच्ची को बेचने से संबंधित कोई तथ्य सामने नहीं आया। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि व्यक्ति शराब के नशे में था और इसी हालत में वह बच्ची को लेकर स्टेशन पहुंच गया था।

मामले में पुलिस ने बच्ची की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पहले उसे संरक्षण में लिया और अस्पताल में चिकित्सकीय जांच करवाई। परिवार की पहचान और ग्रामीणों के बयानों की पुष्टि के बाद बच्ची को उसकी मां के पास सौंप दिया गया।

यह भी पढ़ें- सुरक्षा में चूक! अमृतसर में ASI को गोली मारने वाला पुलिस को गच्चा देकर हुआ फरार, थाना प्रभारी निलंबित